Uttarakhand

धामी सरकार के पांच साल पर जश्नः एक मंच पर मिला कई योजनाओं का लाभ

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत विकास भवन में लगा शिविर, उत्तराखंड खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला ने देखे स्टॉल, 19 जुलाई तक चलेगा सेवा पखवाड़ा

योगेंद्र मलिक

पौड़ी गढ़वाल, 5 जुलाई 2026ः

धामी सरकार के पांच साल पूरे होने पर ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पौड़ी में सेवा पखवाड़े के दूसरे दिन रविवार को विकास भवन सभागार में जनसेवा शिविर लगाया गया। इसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर आमजन को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न सेवाओं व योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

मुख्य अतिथि उत्तराखंड खेल परिषद के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री कुलदीप बुटोला ने स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेशभर में संचालित यह अभियान शासन और जनता के बीच की दूरी कम करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। मुख्यमंत्री के जनसेवा के पांच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा पखवाड़ा 19 जुलाई तक चलेगा। इसमें लोगों को विभिन्न विभागों की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे समय व धन की बचत होने के साथ-साथ अनावश्यक प्रक्रियाओं से भी राहत मिल रही है।

ये भी पढ़ें:

मंत्री कुलदीप बुटोला ने कहा कि प्रदेशभर में अभियान के प्रथम चरण से पांच लाख से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में ऐसे शिविर लोगों तक सरकारी सेवाओं को आसानी से पहुंच रहे हैं। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार एवं उद्योग लगाने और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

मंत्री ने कहा कि जनपद में कृषि, बागवानी और जैविक खेती की अपार संभावनाएं हैं। आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं के समन्वय से किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं। इस अवसर पर सीडीओ अशोक जोशी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, किसान आयोग के सदस्य ओम प्रकाश जुगराण, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

READ MORE

ये भी पढ़ें  IIM काशीपुर : अंतरराष्ट्रीय लाइब्रेरी सम्मेलन का आगाज... डेटा युग में बदलती भूमिका पर जोर

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button