Uttarakhand News : रेखा आर्य अस्पताल में भर्ती, कहा… पति के खिलाफ सही कदम उठाया, पुलिस ने जांच के लिए बनाई SIT
कैबिनेट मंत्री ने बरेली निवासी पति के खिलाफ दर्ज कराई थी धमकी देने व अपमान करने की एफआईआर, शादी से पहले पति की पहली शादी की जानकारी नहीं होने का किया दावा

योगेंद्र मलिक
देहरादून, 17 अक्टूबर 2026:
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने पति गिरधारी साहू के खिलाफ दर्ज कराई गई एफआईआर पर कहा है कि उन्होंने महिला के सम्मान की रक्षा के लिए सही कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि शादी से पहले उन्हें पति की पहली शादी के बारे में जानकारी नहीं थी। इस मामले में पुलिस ने जांच के लिए एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है।
हॉस्पिटल में कहा- उन्हें पुलिस पर पूरा भरोसा
बता दें कि रेखा आर्य ने गत 15 अक्टूबर को कैंट थाने में बरेली निवासी पति गिरधारी साहू पर गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। फिलहाल रेखा आर्य अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि महिला के सम्मान के साथ बच्चों की सुरक्षा भी जरूरी है। इसी को ध्यान में रखकर उन्होंने कदम उठाया। उन्हें उम्मीद है कि पुलिस जांच के जरिए उन्हें न्याय मिलेगा।
10 सदस्यीय टीम करेगी आरोपों की जांच
रेखा आर्य ने शिकायत में उन्होंने पति पर प्रताड़ना, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल, कथित फर्जी हस्ताक्षर के जरिए एक कंपनी के निदेशक पद से हटाने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने एक अन्य महिला के साथ मिलकर जान से मारने की साजिश रचने का आरोप भी लगाया है। शिकायत में पति की पहली शादी के साथ विवाहेतर संबंधों का भी जिक्र किया गया है। मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी आरोपों से जुड़े दस्तावेजों, बयानों सहित अन्य साक्ष्य जुटाएगी।

आरोपी के वायरल ऑडियो की होगी फॉरेंसिक जांच
पुलिस ने मामले से जुड़े एक वायरल ऑडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। एसआईटी प्रभारी जया बलोनी के मुताबिक, टीम मामले से जुड़ी जानकारियां जुटा रही है। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद रेखा आर्य के बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।






