Lucknow City

Lucknow News : दिवाली पर सजेगा हुनर का बाजार, भदोही की कालीन से बनारसी साड़ी तक एक छत के नीचे मिलेंगे देसी उत्पाद

24 अक्टूबर को यूपी IASOWA पहली बार लगाएगा दिवाली मेला, 100 से अधिक महिलाओं के रोजगार से जुड़े मसाला-मठरी केंद्र के उत्पाद भी होंगे आकर्षण, खरीदारी के साथ खानपान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बच्चों के लिए भी खास इंतजाम

लखनऊ, 17 अक्टूबर 2026:

दिवाली की खरीदारी में इस बार लखनऊवासियों को प्रदेश की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और महिला उद्यमियों के हुनर का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। उत्तर प्रदेश आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (UP IASOWA) 24 अक्टूबर को पहली बार दिवाली मेले का आयोजन करने जा रहा है। इसमें भदोही की कालीन, खुर्जा के मिट्टी के बर्तन, फिरोजाबाद की चूड़ियां और बनारसी साड़ियों से लेकर जयपुर के परिधान और कच्छ के गहनों तक की खरीदारी एक ही जगह की जा सकेगी। खास आकर्षण रोजगार से जुड़ी महिलाओं के हाथों तैयार मसाले और नाश्ते के उत्पाद होंगे।

राजभवन कॉलोनी स्थित सीएसआई क्लब के सामने वाले लॉन में सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक लगने वाले इस मेले में हस्तशिल्पियों, महिला उद्यमियों, छोटे कारोबारियों और सामाजिक संस्थाओं को मंच मिलेगा। यहां चिकनकारी, मीनाकारी के आभूषण, जरदोजी की जूतियां, सिरेमिक उत्पाद, पीतल के सामान, मोमबत्तियां और घर सजाने की वस्तुएं भी खरीदी जा सकेंगी। चंदेरी की साड़ियां, बाटिक प्रिंट, क्रोशिया के सामान और उपहारों की सजावटी पैकिंग के उत्पाद भी मेले का हिस्सा होंगे।

100 से अधिक महिलाओं के हुनर को मिलेगा बाजार

मेले का खास पहलू महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल है। यूपी IASOWA की सामाजिक सेवा इकाई आकांक्षा समिति के मसाला-मठरी केंद्र में तैयार उत्पाद भी बिक्री के लिए रखे जाएंगे। समिति के मुताबिक लखनऊ स्थित यह केंद्र 100 से अधिक महिलाओं को रोजगार दे चुका है। मेले के जरिए उनके उत्पादों को सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने और कारोबार को विस्तार देने का अवसर मिलेगा। महिला शरणालय में तैयार हस्तनिर्मित वस्तुओं के साथ दृष्टि एनजीओ की भागीदारी भी रहेगी। आयोजकों का उद्देश्य सामाजिक कल्याण से जुड़ी पहलों को बढ़ावा देने के साथ महिला उद्यमियों और स्थानीय उत्पादकों को नए खरीदारों से जोड़ना है।

ये भी पढ़ें:

lucknow-diwali-mela-up-iasowa-handicrafts-women-entrepreneurs (2)

Advertisement

खरीदारी के साथ मनोरंजन और स्वास्थ्य सुविधाएं

मेले में केवल खरीदारी ही नहीं, परिवारों के मनोरंजन का भी इंतजाम होगा। खाने-पीने के स्टॉल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, खेल और बच्चों के लिए गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्वास्थ्य शिविर और पैथईजी लैब्स की ओर से रक्त जांच की सुविधा भी प्रस्तावित है। इसके अलावा बडीज पेट केयर के पालतू जानवरों के भोजन और सोल पाथ विद अनु की टैरो रीडिंग जैसी सुविधाएं भी आकर्षण बढ़ाएंगी।

मालूम हो कि आकांक्षा समिति की स्थापना 1987 में यूपी IASOWA की सामाजिक सेवा इकाई के रूप में हुई थी। संस्था महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और आय बढ़ाने से जुड़ी गतिविधियों पर काम करती है। ऐसे में यह दिवाली मेला त्योहार की खरीदारी के साथ स्थानीय हुनर और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने का अवसर भी बनेगा।

ये भी पढ़ें  काकोरी में सीएससी संचालक ने हड़पे करोडों... आरोपी फरार, 131 ग्राहक शिकार, केस दर्ज

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link