Uttarakhand News : अंकिता को न्याय, वोट चोरी पर सवाल, धामी सरकार के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन कैलेंडर जारी
25 अक्टूबर तक प्रदेशभर में निकलेगी न्याय यात्रा, एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रदर्शन, कांग्रेस सरकार बनने पर भ्रष्टाचार के सभी मामलों की जांच कराने का ऐलान

राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 17 अक्टूबर 2026:
उत्तराखंड में सितंबर 2022के हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर कथित वोट चोरी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा के मुद्दों पर कांग्रेस ने धामी सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने की मांग से लेकर सरकारी कामकाज में कथित गड़बड़ियों तक हर मुद्दे पर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी। पार्टी ने 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव की तैयारी की है। इसके साथ ही प्रदेशभर में न्याय यात्रा निकालने के साथ दिल्ली में भी प्रदर्शन किया जाएगा।
अंकिता मामले में वीआईपी की भूमिका पर उठाए सवाल
Uttarakhand Congress Protest: पत्रकार वार्ता में कुमारी शैलजा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मामले में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर अब तक उठ रहे सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। सीबीआई जांच के नाम पर मामले को दबाने की कोशिश किए जाने का आरोप भी लगाया। शैलजा ने कहा कि अंकिता के माता-पिता को न्याय की मांग लेकर दिल्ली के इंडिया गेट तक धरना देना पड़ा। इसे उत्तराखंड के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन्होंने राज्य सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि अंकिता को न्याय मिलने तक पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
एसआईआर पर चुनाव आयोग को घेरा
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग में फैसले सर्वसम्मति से नहीं हो रहे हैं। इंडिया गठबंधन को अपनी बात रखने का पर्याप्त मौका नहीं दिया जा रहा है। शैलजा ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय बताया। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए कथित वोट चोरी के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की बात कही।
खनन माफिया से पेपर लीक तक, सरकार पर आरोप
उत्तराखंड की धामी सरकार पर हमला बोलते हुए शैलजा ने भ्रष्टाचार, जमीनों से जुड़े विवादों, खनन माफिया के बढ़ते प्रभाव, बेरोजगारी, पेपर लीक के मामलों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन समस्याओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। पलायन की समस्या पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे की चोरी के आरोपों का जिक्र करते हुए शैलजा ने कहा कि जनभावनाओं से जुड़े मामलों में भी गंभीरता से कार्रवाई नहीं हो रही है। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने रेखा आर्या से जुड़े मामले का उल्लेख किया। उनका आरोप था कि प्रदेश में भ्रष्टाचार से जुड़े कई मामलों में करोड़ों रुपये की अनियमितताओं के सवाल सामने आ रहे हैं।
कांग्रेस सरकार बनी तो खुलेंगी घोटालों की फाइलें
कुमारी शैलजा ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनने पर भ्रष्टाचार, अनियमितताओं से जुड़े मामलों की जांच कराई जाएगी। जिन मामलों में गड़बड़ी सामने आएगी, उनमें जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को केवल बयानबाजी तक सीमित नहीं रखेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता गांवों से लेकर शहरों तक लोगों के बीच जाएंगे। न्याय यात्रा के जरिए अंकिता भंडारी हत्याकांड, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा समेत जनहित से जुड़े सवाल उठाए जाएंगे।
27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव
कांग्रेस ने आंदोलन के लिए कार्यक्रम भी तय किया है। पार्टी के मुताबिक, 25 अक्टूबर तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान घेराव किया जाएगा। एक नवंबर को कथित वोट चोरी के मुद्दे पर दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले देशव्यापी आंदोलन में कांग्रेस शामिल होगी। चार नवंबर को उन जिलों के मुख्यालयों पर प्रदर्शन किए जाएंगे, जहां पार्टी के आरोपों के मुताबिक धामी सरकार के कार्यकाल में जमीनों की नीलामी, धांधली या भ्रष्टाचार से जुड़े मामले सामने आए हैं। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, धीरेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक लखपत भंडारी समेत कई नेता मौजूद रहे।






