
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 5 जुलाई 2026ः
देहरादून के रायपुर क्षेत्र में वाइन शॉप पर हुई फायरिंग का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों पक्षों का वाइन शॉप पर आमना-सामना होने पर फायरिंग की घटना हुई। पुलिस मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश कर रही है।
एसपी देहात जया बलूनी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि कमेंद्र शर्मा और मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान के बीच बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। वाइन शॉप पर दोनों पक्षों का आमना-सामना हो गया और विवाद होने के दौरान फायरिंग हुई। इसमें कमेंद्र शर्मा और नवीन राणा घायल हो गए थे। पुलिस ने थानो रोड, सोढ़ा सरोली क्षेत्र से तीन आरोपियों अरुण कुमार उर्फ छोटू, सन्नी कुमार और आदर्श सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक घटना का मुख्य आरोपी बिजनौर निवासी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार चार जुलाई को दिवाकर खंडूड़ी निवासी बंजारावाला ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि तीन जुलाई की रात वह अपने दोस्तों नवीन राणा और रोहन कुमार के साथ रिंग रोड स्थित वाइन शॉप के बाहर खड़ा था। इसी दौरान 3-4 युवक वहां पहुंचे और पिस्टल से दो फायर कर दिए। फायरिंग में नवीन राणा के कंधे और वहां से गुजर रहे कमेंद्र शर्मा के पैर में गोली लग गई थी। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।






