
बरेली/टनकपुर, 7 जुलाई 2026:
रेल यात्रियों को बड़ी सौगात मिली है। टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस के संचालन की शुरुआत हुई, वहीं टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा को शाहजहांपुर तक बढ़ा दिया गया। इससे उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क पहले से ज्यादा मजबूत होगा।
अलग-अलग स्टेशनों से आयोजित कार्यक्रमों में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा समेत कई जनप्रतिनिधियों ने ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड के धार्मिक महत्व को देखते हुए टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस शुरू की गई है। इससे उत्तर भारत से नांदेड पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सीधी रेल सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि भारतीय रेलवे में तेजी से बदलाव हो रहा है। पिछले 12 वर्षों में 37 हजार किलोमीटर नए ट्रैक बिछाए गए हैं, जबकि करीब 99.6 फीसदी रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। बाकी काम भी जल्द पूरा करने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि Bullet Train Project पर तेजी से काम चल रहा है। अगले वर्ष बुलेट ट्रेन शुरू करने की तैयारी है। पूर्वी और पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का काम पूरा हो चुका है। अब दोनों कॉरिडोर को जोड़ने की दिशा में काम होगा।
रेल मंत्री ने कहा कि आम यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए Affordable Rail Service पर खास फोकस किया जा रहा है। सामान्य श्रेणी के 12 हजार नए कोच तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें से चार हजार कोच पहले ही ट्रेनों में लगाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि गर्मी के सीजन में रिकॉर्ड संख्या में स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। दीपावली और छठ पर 12 हजार विशेष ट्रेनें संचालित की गई थीं। आने वाली रथ यात्रा के दौरान 300, जबकि ओणम पर 100 स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस केवल नई ट्रेन नहीं बल्कि उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आस्था, पर्यटन, कारोबार, सांस्कृतिक जुड़ाव का नया रास्ता है। उन्होंने कहा कि टनकपुर कुमाऊं का प्रवेश द्वार है, जहां से पूर्णागिरि और आदिकैलाश जाने वाले श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। नई ट्रेन से महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी। इससे उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को भी नया बाजार मिलेगा। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और Amrit Bharat Station Scheme के तहत स्टेशनों के पुनर्विकास का भी जिक्र किया।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस से धार्मिक यात्रियों के साथ कारोबार से जुड़े लोगों को भी फायदा मिलेगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने कहा कि टनकपुर से नांदेड तक सीधी ट्रेन शुरू होने से सिख श्रद्धालुओं की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि अब श्रद्धालु सीधे गुरु गोबिंद सिंह की तपोस्थली नांदेड पहुंच सकेंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन को शाहजहांपुर तक बढ़ाने से सीमावर्ती इलाके के हजारों लोगों की आवाजाही आसान होगी। उन्होंने बताया कि टनकपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास भी तेजी से किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
पीलीभीत में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि शाहजहांपुर तक ट्रेन विस्तार और टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस से पूरे इलाके को सीधा फायदा मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे Pilibhit Tiger Reserve आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए मौके बनेंगे। उन्होंने अमृतसर के लिए भी सीधी ट्रेन चलाने की जरूरत रेल मंत्री के सामने रखी।
कार्यक्रम में सांसद मिथलेश कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। टनकपुर में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि पीलीभीत में अपर मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर ने मेहमानों का स्वागत किया।






