Uttarakhand

ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर मिल रहीं नकली मेडिसिन, उत्तराखंड में बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़

एसटीएफ ने ऊधमसिंह नगर के बाजपुर में नकली दवाइयों की फैक्ट्री पर मारा छापा, एक लाख टैबलेट और 15 हजार सिरप की बोतलें बरामद, यूपी का रहने वाला एक आरोपी गिरफ्तार, हरियाणा से मंगाई गई अवैध शराब भी मिली

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 19 जुलाई 2026ः

बाजारों में मिलने वाली जीवनरक्षक दवाइयों में भी खेल हो रहा है। नामी कंपनियों के नाम पर बाजार में नकली दवाएं बेची जा रही हैं, जो लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं। इसका खुलासा उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स की ऊधमसिंह नगर के बाजपुर स्थित एक फैक्ट्री में छापेमारी से हुआ। इस दौरान नकली दवाइयों के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ हुआ है। बिना लाइसेंस के नामी दवा कंपनियों के नाम पर जीवनरक्षक दवाइयों का निर्माण और पैकेजिंग की जा रही थी। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

एसटीएफ कुमाऊं यूनिट और औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने रविवार सुबह औद्योगिक क्षेत्र स्थित कोविल बायोटैक कंपनी की फैक्ट्री में छापा मारा। यहां से एसटीएफ ने बुलंदशहर (यूपी) निवासी धीरेंद्र को गिरफ्तार किया। धीरेंद्र आयुर्वेदिक और फूड लाइसेंस की आड़ में STADMED, Macleods, Intas और Sun Pharma जैसी कई कंपनियों के नाम से नकली एलोपैथिक दवाइयों का निर्माण कर बाजार में सप्लाई कर रहा था।

ये भी पढ़ें:

कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री और एनएच-74 स्थित गोदाम से करीब एक लाख टैबलेट और 15 हजार से अधिक सिरप की बोतलें बरामद की गईं। इनमें एंटासिड, एंटीबायोटिक, दर्द एवं सूजन, नसों के दर्द, प्रोस्टेट, कैल्शियम, विटामिन और आयरन सप्लीमेंट जैसी दवाइयां शामिल हैं, जिनका उपयोग बड़ी संख्या में मरीज करते हैं। छापेमारी में नकली दवाइयों के साथ 2,648 से अधिक बोतल और क्वार्टर अवैध अंग्रेजी शराब, उत्तराखंड आबकारी के होलोग्राम, रैपर, ढक्कन, खाली बोतलें व दवाइयों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली फिलिंग, सीलिंग, लेबलिंग मशीनें और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने हरियाणा से अवैध शराब मंगाकर उत्तराखंड में सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। आरोपी के खिलाफ थाना बाजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। अवैध शराब की बरामदगी के मामले में अलग से कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। मामले में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

ये भी पढ़ें  पैतृक गांव पंचूर में सीएम सुबह बुजुर्गों से मिले, बच्चों पर लुटाया स्नेह, कहा...‘हम भी तेरे दादा लगते हैं’

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button