
बाराबंकी, 7 जुलाई 2026:
सुबह घर से निकलते समय मां से मुस्कुराकर ‘बॉय’ कहने वाला 14 वर्षीय यश तिवारी शायद खुद भी नहीं जानता था कि वो फिर अपने मम्मी व पापा को देख नहीं पाएगा। बैग और टिफिन लेकर रोज की तरह साइकिल से स्कूल के लिए निकला कक्षा 8 का छात्र स्कूल से महज कुछ दूरी पहले सड़क हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर ने परिवार के इकलौते बेटे की जिंदगी छीन ली। हादसे की खबर मिलते ही मां बदहवास हो गई, जबकि पूरे मोहल्ले में सन्नाटा पसर गया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के माल गोदाम रोड पर मंगलवार सुबह हुए इस हादसे में ओम नगर, बंकी निवासी 14 वर्षीय यश तिवारी की मौत हो गई। वह किंग जॉर्ज इंटर कॉलेज में कक्षा 8 का छात्र था और अपने साथी चंदन कुशवाहा के साथ साइकिल से स्कूल जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल पहुंचने से पहले तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि यश कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस से यश को जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। जिस बेटे को सुबह पढ़ने के लिए विदा किया था, उसका शव देखकर परिवार बेसुध हो गया।
बताया जा रहा है कि यश अपने पिता चंद्रिका प्रसाद तिवारी का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार की दुनिया उजाड़ दी। मोहल्ले के लोगों की आंखें भी नम हो गईं और हर किसी की जुबान पर यही सवाल था कि माल गोदाम रोड शहर के भीतर है। इस रोड पर भारी वाहनों की रफ्तार काबू में होती तो ये हादसा बच सकता था। इस रोड पर भारी वाहन हमेशा तेज रफ्तार से निकलते हैं।

इसी स्पीड ने स्कूल जा रहे एक मासूम की जान ले ली। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। ये हादसा उस समय हुआ जब स्कूल के पढ़ाई की शुरुआत के लिए सैकड़ों छात्र पहुंच चुके थे। अचानक हादसे की खबर आई। स्कूल मैनेजमेंट ने फौरन छुट्टी की घोषणा कर दी। यश के तमाम दोस्त व अन्य छात्र दुखी मन से घर लौटने लगे। इस बीच रोता बिलखता परिवार स्कूल भी आया। घटनास्थल स्कूल और मर्चुअरी के साथ मृत छात्र का घर चीखों से गूंजता रहा।






