
वाराणसी, 8 जुलाई 2026:
यूपी के वाराणसी में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक के बाद मंगलवार देर शाम सीएम योगी आदित्यनाथ ने धर्म, विकास और जनसंपर्क का संतुलित संदेश देते हुए काशी कोतवाल काल भैरव और काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और लोकमंगल की कामना की।
सीएम योगी सबसे पहले काल भैरव मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने आरती में भाग लेकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा की और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सीएम ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया तथा बच्चों को स्नेहपूर्वक दुलार भी दिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे और गर्भगृह में षोडशोपचार विधि से बाबा विश्वनाथ का पूजन-अर्चन किया। दर्शन के दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
धार्मिक कार्यक्रमों से पहले मुख्यमंत्री ने चौकाघाट स्थित विद्युत सब स्टेशन का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। विभागीय अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेने के बाद उन्होंने सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
वाराणसी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आयुष एवं खाद्य सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के पुत्र के विवाह समारोह में भी शामिल हुए। उन्होंने नवविवाहित दंपति को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की और परिजनों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, खादी ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान, स्टाम्प एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, महापौर अशोक तिवारी, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, डीएम सत्येंद्र कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।






