
लखनऊ, 8 जुलाई 2026:
यूपी विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ प्रदेश की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को एक बार फिर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए अपने लंबे पोस्ट में राजभर ने लखनऊ स्थित जेपीएनआईसी (जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर) को लेकर सपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और अखिलेश यादव पर भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा।
राजभर ने व्यंग्यात्मक अंदाज में अपनी पोस्ट की शुरुआत करते हुए लिखा, मित्र अखिलेश जी, उम्मीद करता हूं कि आप ठीक ही होंगे। उन्होंने कहा कि सुबह काम से निकलते समय जैसे ही उनकी नजर जेपीएनआईसी पर पड़ी, उन्हें लोकनायक जयप्रकाश नारायण की याद आ गई। इसके बाद उन्होंने सवाल उठाया कि क्या लोकनायक ने अपने जीवनभर का संघर्ष इसलिए किया था कि उनके नाम पर बनने वाली इमारत में भ्रष्टाचार हो।
राजभर ने आरोप लगाया कि जयप्रकाश नारायण के नाम पर बनने वाली करीब 200 करोड़ रुपये की परियोजना को 860 करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया गया, लेकिन इसके बावजूद भवन आज तक पूरी तरह तैयार नहीं हो सका। उन्होंने लिखा कि कम से कम लोकनायक के नाम पर बन रही बिल्डिंग को तो बख्श देते। उनके नाम पर भी भ्रष्टाचार किया गया।
सुभासपा प्रमुख ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि यही लोकनायक की पुण्यात्मा का श्राप है कि अखिलेश यादव पिछले नौ वर्षों से सत्ता से बाहर हैं और भविष्य में भी सत्ता में वापसी नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि जब-जब अखिलेश गोमती नदी किनारे स्थित जेपीएनआईसी को देखेंगे, उन्हें अपने कथित पाप और भ्रष्टाचार की याद जरूर आएगी। पोस्ट के अंत में उन्होंने जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण, जय महाराजा सुहेलदेव और जय लोकनायक का उद्घोष भी किया।
गौरतलब है कि ओमप्रकाश राजभर पिछले कुछ समय से लगातार अखिलेश यादव पर हमलावर हैं। इससे पहले भी उन्होंने सपा प्रमुख को चुनाव आने तक आराम की मुद्रा में रहने वाला नेता बताया था। वहीं गत रविवार को भी उन्होंने एक्स पर एक लंबा पोस्ट लिखकर अखिलेश यादव को राजा बाबू बताया था। अपना दल के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती पर श्रद्धांजलि न देने को लेकर उनकी आलोचना की थी। ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले दोनों नेताओं के बीच सियासी बयानबाजी लगातार तेज होती दिखाई दे रही है।






