PoliticsUttar Pradesh

विपक्ष को BJP का जवाब, पंकज चौधरी बोले- संगठन व सरकार में मतभेद की अटकलें बेबुनियाद

मिर्जापुर दौरे पर प्रदेश अध्यक्ष ने मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन किए, राम मंदिर मामले की जांच पर सरकार की सख्त मंशा दोहराई, 2027 चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया

कमलेश कुमार

मिर्जापुर, 9 जुलाई 2026:

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद पंकज चौधरी गुरुवार को मिर्जापुर पहुंचे। उन्होंने मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन करने के बाद भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान अयोध्या राम मंदिर में कथित चोरी के मामले से लेकर विपक्ष के आरोप, भाजपा संगठन, सरकार और 2027 के विधानसभा चुनाव तक कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।

राम मंदिर में कथित चोरी के मामले पर पंकज चौधरी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी राम भक्तों पर गोली चलवाने का काम करते थे और भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते रहे, वही आज राम के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ जानती है और ऐसे आरोपों की सच्चाई भी समझती है।

उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे हर राम भक्त आहत है। प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से देख रही हैं। मामले की जांच जारी है और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि जांच पूरी होने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसका प्रभाव या पद नहीं देखा जाएगा। कानून के मुताबिक उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष के बड़े नेता पहले भी चुनाव आयोग, न्यायपालिका जैसे संवैधानिक संस्थानों पर लगातार सवाल उठाते रहे हैं। उनके मुताबिक यह उनकी राजनीतिक कार्यशैली का हिस्सा है और जनता अब ऐसे आरोपों को गंभीरता से नहीं लेती।
pankaj-chaudhary-bjp-mirzapur-visit-ram-mandir-row-statement (2)

इस सवाल पर कि राम मंदिर निर्माण का श्रेय भाजपा ने लिया था, लेकिन अब मंदिर में हुई कथित चोरी की जिम्मेदारी कौन लेगा, पंकज चौधरी ने कहा कि मंदिर निर्माण के बाद उसके संचालन, सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए एक ट्रस्ट बनाया गया है। वही ट्रस्ट सभी व्यवस्थाओं की देखरेख करता है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने दीजिए, उसके बाद जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई तय है।

भाजपा संगठन और सरकार के बीच कथित खींचतान की चर्चाओं को भी उन्होंने खारिज किया। उन्होंने कहा कि इतना बड़ा संगठन होने पर छोटी-छोटी बातें सामने आती रहती हैं, लेकिन उन्हें मतभेद का नाम देना सही नहीं है। भाजपा पूरी तरह संगठित है और संगठन व सरकार मिलकर प्रदेश की जनता के लिए काम कर रहे हैं।

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव पर पूछे गए सवाल के जवाब में पंकज चौधरी ने भरोसा जताया कि राम मंदिर मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से चल रही है। उन्होंने कहा कि विशेष जांच दल (SIT) पूरे मामले की जांच कर रहा है और सरकार किसी भी तथ्य को नजरअंदाज नहीं करेगी।

उन्होंने दावा किया कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, इंफ्रास्ट्रक्चर, विकास कार्य और गरीबों के लिए चलाई जा रही योजनाएं भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं। इन्हीं कामों के दम पर पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button