
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 10 जुलाई 2026ः
उत्तराखंड में समग्र शिक्षा अभियान के तहत चल रहे निर्माण कार्यों में देरी पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नाराजगी जताई है। उन्होंने अधिकारियों को अधूरे निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने और लापरवाही बरतने वाली कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी, आईसीटी और स्मार्ट क्लास जैसी आधुनिक शिक्षा परियोजनाओं को भी तेजी से पूरा करने पर जोर दिया।
मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शिक्षा महानिदेशालय में आयोजित समग्र शिक्षा परियोजना की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित निर्माण कार्यों को अब और नहीं लटकने दिया जाएगा। उन्होंने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट महानिदेशालय को भेजने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2025-26 तक प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर कुल 7,803 निर्माण कार्य स्वीकृत हुए, जिनमें 5,735 कार्य पूरे हो चुके हैं। मंत्री ने शेष सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।
शिक्षा मंत्री ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत 12 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण अगले दो सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने 266 डिजिटल लाइब्रेरी, समग्र शिक्षा और पीएम श्री विद्यालयों में स्वीकृत 1,203 आईसीटी क्लासरूम और 2,320 स्मार्ट क्लासरूम की स्थापना में तेजी लाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस विद्यालय ही विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर सकते हैं। बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।






