Sitapur City

डीएम के सामने कानूनगो ने लौटाई रिश्वत की रकम, पैमाइश के नाम पर की थी वसूली

सकरन तहसील में शिकायतों की सुनवाई कर रहे थे डीएम फरियादी ने पैमाइश के बदले रुपये लेने का लगाया आरोप, डीएम ने मौके पर लगाई फटकार, शिकायतों में सबसे ज्यादा मामले राजस्व विभाग से जुड़े रहे

सीतापुर, 12 जुलाई 2026:

सीतापुर के सकरन तहसील में आयोजित समाधान दिवस के दौरान उस समय सभी की नजरें एक शिकायत पर टिक गईं, जब एक ग्रामीण ने जमीन की पैमाइश के बदले कानूनगो पर 1000 रुपये लेने का आरोप लगाया। शिकायत सुनते ही जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने मौके पर ही कानूनगो को कड़ी फटकार लगाई। डीएम का सख्त रुख देखते ही कानूनगो ने अपनी जेब से 1000 रुपये निकालकर शिकायतकर्ता को वापस कर दिए। हालांकि घटना के बाद विभागीय कार्रवाई नहीं होने की चर्चा भी पूरे परिसर में होती रही।

आदेश के बाद भी नहीं हो रही थी पैमाइश

सुमरावां कुटीपुरवा निवासी कालीदीन ने डीएम को बताया कि उसकी जमीन की पैमाइश का आदेश पहले ही हो चुका था, लेकिन कानूनगो ने 1000 रुपये लेने के बाद भी काम नहीं किया। कई बार चक्कर लगाने के बावजूद पैमाइश टाल दी गई। समाधान दिवस में शिकायत सामने आने के बाद डीएम ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित कानूनगो को फटकार लगाई। इसके बाद उसने तुरंत रुपये वापस कर दिए।

ये भी पढ़ें:

लेखपाल को भी लगी फटकार

Advertisement

समाधान दिवस के दौरान मनकौरा क्षेत्र के एक लेखपाल की कार्यशैली पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। पैमाइश की रिपोर्ट में देरी और काम में लापरवाही मिलने पर उन्होंने सभी के सामने चेतावनी देते हुए तय समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

दिव्यांग की मदद के लिए तुरंत दिए आदेश

ऊंचगांव अदवारी निवासी दिव्यांग पप्पू कुमार ने डीएम को बताया कि उन्हें बैटरी से चलने वाली ट्राइसाइकिल और घर में शौचालय की जरूरत है। शिकायत सुनने के बाद डीएम ने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी और संबंधित ग्राम सचिव को तुरंत जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें जल्द सरकारी योजना का लाभ मिल सके।

राजस्व विभाग की शिकायतें सबसे ज्यादा

समाधान दिवस में कुल 49 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें 34 मामले राजस्व विभाग से जुड़े थे। जांच के बाद 21 मामलों को दर्ज किया गया, जबकि तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। पुलिस विभाग से 15, विकास खंड से पांच, खाद्य एवं रसद विभाग से पांच और दिव्यांगजन कल्याण विभाग से एक मामला सामने आया। डीएम ने बाकी 46 लंबित शिकायतों के जल्द निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर शिकायत की निष्पक्ष जांच हो और तय समय के भीतर लोगों को राहत मिले।

READ MORE

ये भी पढ़ें  पिता के अपमान पर टोका तो हसिया से किया हमला...काट डालीं तीन उंगलियां

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link