Uttarakhand

जनसेवा शिविर: एक मंच पर पात्रों को मिला कई योजनाओं का लाभ, राज्य मंत्री ने देखे स्टॉल

राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ, स्टॉलों का निरीक्षण कर सुविधाओं की ली जानकारी, बोले- जनसेवा शिविर शासन व जनता के बीच प्रभावी संवाद का माध्यम

योगेंद्र मलिक

पौड़ी गढ़वाल, 12 जुलाई 2026ः

उत्तराखंड में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत रविवार को विकासखंड कल्जीखाल सभागार में जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं, सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्रों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री अशोक वर्मा ने किया। उन्होंने स्टॉलों का निरीक्षण कर पात्रों को उपलब्ध कराई जा रहीं सुविधाओं की जानकारी ली।

राज्य मंत्री अशोक वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल पर प्रदेश भर में आयोजित जनसेवा शिविर शासन और जनता के बीच प्रभावी संवाद का माध्यम बने हैं। इन शिविरों के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। एडीएम एफआर चौहान ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शेष शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।

ये भी पढ़ें:

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के माध्यम से 113 पात्रों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। कुल 45 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। कृषि विभाग ने 15 किसानों को पौधे, उर्वरक व कृषि यंत्र वितरित किए। रीप/एनआरएलएम के माध्यम से 20 लाभार्थियों को उत्पादन व विपणन संबंधी सहयोग प्रदान किया गया। बाल विकास विभाग ने दो लाभार्थियों को अन्नप्राशन एवं महालक्ष्मी किट दी।

स्वास्थ्य विभाग ने 35 और आयुष विभाग ने 34 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां दीं। समाज कल्याण विभाग ने वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन से संबंधित पांच आवेदनों का सत्यापन किया, जबकि राजस्व विभाग ने दो कृषकों को कृषक प्रमाण पत्र दिए। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गीता देवी, ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय पटवाल, कनिष्ठ उप प्रमुख दीपक असवाल, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी आदि मौजूद रहे।

READ MORE

ये भी पढ़ें  UCC लागू करने वाला पहला राज्य बनेगा उत्तराखंड, जानिए इसके बाद क्या-क्या होंगे बदलाव ?

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button