Uttarakhand

हाथ में 3500 रुपये… सामने Vigilance की टीम, Civil Court का नायब नाजिर रिश्वत लेते गिरफ्तार

कोर्ट फीस के नाम पर शिकायतकर्ता से पैसे मांगने का आरोप, हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद बिछाया गया ट्रैप, Civil Court परिसर में रंगे हाथ हुई गिरफ्तारी, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज

योगेंद्र मलिक

हल्द्वानी, 16 जुलाई 2026:

ऊधमसिंह नगर के बाजपुर सिविल कोर्ट में तैनात नायब नाजिर ओम चौहान को सतर्कता अधिष्ठान (Vigilance) की टीम ने 3500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ट्रैप टीम ने कोर्ट परिसर में आरोपी को पैसे लेते समय दबोच लिया। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कोर्ट फीस के नाम पर मांगे थे रुपये

सतर्कता अधिष्ठान के मुताबिक शिकायतकर्ता ने हेल्पलाइन पर बताया था कि उसके खिलाफ सिविल कोर्ट बाजपुर में एनआई एक्ट (Negotiable Instruments Act) का एक मामला चल रहा है। दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद वह राजीनामा दाखिल कराने कोर्ट पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान नायब नाजिर ओम चौहान ने कोर्ट फीस के नाम पर 3500 रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था। उसने पूरी जानकारी सतर्कता अधिष्ठान को दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

शिकायत सही मिलने पर बिछाया गया ट्रैप

शिकायत का सत्यापन किया गया तो आरोप पहली नजर में सही पाए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक की अगुवाई में ट्रैप टीम बनाई गई। टीम ने बाजपुर स्थित सिविल जज (जूनियर डिवीजन) न्यायालय परिसर में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 3500 रुपये लिए, Vigilance टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओम चौहान निवासी ग्राम निवाड़मुंडी, जसपुर, ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है।

आगे की जांच जारी, टीम को मिलेगा पुरस्कार

सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है। सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने कार्रवाई करने वाली ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दर्ज कराएं।

ये भी पढ़ें  उत्तराखंड में शहीदों को नमन : CM धामी ने कीं सैनिकों एवं शहीद परिवारों के लिए ये घोषणाएं

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button