
अल्मोड़ा, 16 जुलाई 2026:
हरेला पर्व के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा के गरुड़ाबाज मैदान से राज्य स्तरीय एक पेड़ मां के नाम पौधारोपण अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से सिर्फ पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल का भी संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम के साथ जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार अभियान भी आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लिया।
जागेश्वर के लिए विकास की 8 बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटन और बुनियादी ढांचे के विकास पर तेजी से काम करेगी। वृद्ध जागेश्वर के समग्र विकास, मंदिर तक पेयजल योजना, आरतोला में राज्य अतिथि गृह, मल्टी लेवल पार्किंग और नए मोबाइल टावर लगाने जैसी योजनाओं को मंजूरी देने की घोषणा की गई। इसके अलावा आरतोला से जागेश्वर सड़क पर आरसीसी नाली और सड़क के किनारों को मजबूत करने का काम होगा, जिससे बिना पेड़ों की कटाई किए सड़क की क्षमता बढ़ाई जा सकेगी। दन्या डिग्री कॉलेज में एमए की पढ़ाई भी शुरू कराने का ऐलान किया गया।
हरेला सिर्फ त्योहार नहीं, जिम्मेदारी भी
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। अगर हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों को बेहतर और हराभरा वातावरण मिल सकता है। उन्होंने बताया कि जागेश्वर धाम और वृद्ध जागेश्वर में पूजा-अर्चना के दौरान उन्हें नई ऊर्जा मिली, जो प्रदेश की सेवा के लिए लगातार काम करने की प्रेरणा देती है।

सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक स्थलों और पर्यटन को मजबूत बनाने पर लगातार काम कर रही है। जागेश्वर क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहरों जैसे ऐरावत गुफा, जटा गंगा उद्गम स्थल, कोटिलिंग और आरतोला से जागेश्वर मार्ग पर स्थित मंदिरों को पर्यटन के लिहाज से विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की दिशा में लगातार काम हो रहा है।

यूसीसी, भर्ती और कानूनों का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में समान नागरिक संहिता (UCC), धर्मांतरण विरोधी कानून और नकल विरोधी कानून का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए हजारों युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए सरकार लगातार फैसले ले रही है। उन्होंने बताया कि सेवा, सुशासन और समर्पण के पांच वर्ष पूरे होने पर पूरे प्रदेश में जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंच सके।
केंद्रीय मंत्री और कैबिनेट मंत्री ने भी रखी बात
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि डबल इंजन सरकार के दौरान सड़क, रेल, डिजिटल कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है। उन्होंने लोगों से पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि बीते पांच वर्षों में उत्तराखंड ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में अच्छी तरक्की की है। उन्होंने हरेला को जनभागीदारी से जुड़ा पर्यावरण संरक्षण का बड़ा अभियान बताया।

विधायक ने जताया आभार
जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनका जागेश्वर क्षेत्र से विशेष लगाव है और वह कई बार यहां का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने क्षेत्र के लिए की गई नई घोषणाओं पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। कार्यक्रम में रानीखेत विधायक प्रमोद नैनवाल, गोविंद पिलख्वाल, कुंदन लटवाल, भावना मेहरा, हेमा गैड़ा, अनिल सिंह साही, अजय वर्मा, महेश नयाल, कपिल लाल, दिलीप जावलकर, हिमांशु खुराना, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, एसएसपी चंद्रशेखर आर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।






