Uttar Pradesh

जनसभाओं में गरजे योगी, बोले- पहले माफिया के नतमस्तक थी सरकार, अब विकास और कानून दोनों साथ चल रहे

शामली में 581 करोड़ रुपये से ज्यादा की 89 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास, बिजनौर में 1003 करोड़ रुपये से अधिक की 76 परियोजनाओं की शुरुआत, दोनों जिलों में पात्रों को योजनाओं का लाभ भी दिया गया

शामली/बिजनौर, 17 जुलाई 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो बड़े जिलों शामली और बिजनौर को 1584 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने सपा व कांग्रेस पर तीखे हमले किये। कहा कि पहले सरकारें माफियाओं के सामने नतमस्तक रहती थी लेकिन अब हालात बदल चुके हैं माफियाओ का खात्मा हो चुका है और विकास व कानून दोनों साथ चल रहे हैं।

सीएम योगी ने शामली के कैराना स्थित विजय सिंह पथिक डिग्री कॉलेज में आयोजित जनसभा में उन्होंने 581 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 89 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके बाद बिजनौर पहुंचकर वर्धमान कॉलेज में 1003 करोड़ रुपये से ज्यादा की 76 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। दोनों कार्यक्रमों में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र, मकानों की चाबी, प्रमाण पत्र और नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।
cm-yogi-shamli-bijnor-visit-development-projects-mafia-attack-sp-congress (2)

सपा पर तीखा हमला, पुराने दौर पर उठाए सवाल

जनसभाओं में मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में ऐसे लोग सरकार चला रहे थे जो दोपहर 12 बजे सोकर उठते थे, दो बजे तक तैयार होते थे और शाम को जिम चले जाते थे। जनता के लिए उनके पास समय नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय माफिया के सामने सरकार झुकती थी और दंगाइयों का सम्मान किया जाता था।
cm-yogi-shamli-bijnor-visit-development-projects-mafia-attack-sp-congress (3)

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और बसपा के लोग जिन्ना के उपासक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने शामली की डेमोग्राफी बदलने का काम किया, जिसकी वजह से कांधला और कैराना से पलायन की घटनाएं हुईं। उन्होंने कहा कि आज वही शामली विकास, गन्ने की मिठास और बेहतर कानून व्यवस्था के लिए जाना जाता है।

धार्मिक आयोजनों और कानून व्यवस्था का किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले जय श्रीराम बोलने वालों पर लाठियां चलती थीं, कांवड़ यात्रा को रोकने की कोशिश होती थी, रामनवमी और कृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन बाधित किए जाते थे। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में हर व्यक्ति को अपनी आस्था के अनुसार कार्यक्रम करने की पूरी आजादी है। उन्होंने कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान यदि कोई माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासन को पहले ही कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए जा चुके हैं।

विकास कार्यों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय शामली बिजली, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा था। आज जिले में बिजली व्यवस्था मजबूत हुई है, सड़क नेटवर्क का विस्तार हुआ है और विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर से शामली होते हुए सिलीगुड़ी तक करीब 1100 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर बनाया जा रहा है। साथ ही शामली को अंबाला से भी जोड़ा जाएगा। एनसीआर क्षेत्र का हिस्सा होने के कारण यहां बड़ा Textile Park विकसित किया जाएगा, जिससे करीब 8000 युवाओं को रोजगार मिलेगा।
cm-yogi-shamli-bijnor-visit-development-projects-mafia-attack-sp-congress (4)

गन्ना किसानों और रोजगार का भी जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में सरकार बनने के समय प्रदेश की चीनी मिलों की स्थिति खराब थी, लेकिन सरकार के प्रयासों से आज 122 चीनी मिलें संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को बेहतर मूल्य दिया गया और पारदर्शी तरीके से भुगतान सुनिश्चित किया गया। उन्होंने दावा किया कि अब सरकारी नौकरियों में किसी तरह का पक्षपात नहीं होता और प्रदेश का युवा अपनी योग्यता के आधार पर नौकरी पा रहा है।

बिजनौर को मिली 1003 करोड़ रुपये से ज्यादा की सौगात

शामली के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सीधे बिजनौर पहुंचे। वर्धमान कॉलेज में आयोजित समारोह में उन्होंने बिजनौर और चांदपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1003 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 76 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाना है, ताकि हर क्षेत्र में सड़क, बिजली, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर लगातार बढ़ें।

ये भी पढ़ें  कैम्प में ही होगी रोगियों की टीबी जांच, पोर्टेबल एक्स रे मशीन मिली

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button