Uttar Pradesh

12 बजे सोकर उठते थे, फिर जिम और मंडली… गाजियाबाद में विपक्ष पर CM योगी का बड़ा हमला

2017 से पहले की सरकारों पर जमकर बरसे मुख्यमंत्री, 868 करोड़ रुपये की 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, मुरादनगर में पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण, 500 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की भी घोषणा

गाजियाबाद, 17 जुलाई 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गाजियाबाद के मुरादनगर में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने जिले को 868 करोड़ रुपये की 90 विकास परियोजनाओं की सौगात दी और करीब 500 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की घोषणा भी की। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की सरकारों पर तीखा हमला बोला और कहा कि उस दौर में प्रदेश का विकास नहीं, बल्कि अव्यवस्था हावी थी।

2017 से पहले की सरकारों पर हमला

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश चलाने वाले लोग दोपहर 12 बजे सोकर उठते थे। फिर तैयार होकर खाना खाते, जिम जाते और उसके बाद उनकी मंडली बैठती थी, जो देर रात तक चलती रहती थी। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू, अपराध और असुरक्षा का माहौल था। बेटियां, व्यापारी और निवेशक खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते थे। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी आज आस्था की बात कर रही हैं। इनको केसरिया रंग से ही चिढ़ होती थी।

गाजियाबाद की बदली तस्वीर का किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज गाजियाबाद पूरी तरह बदल चुका है। जिस जिले की पहचान कभी अपराध और गुंडागर्दी से होती थी, वहीं अब Smart City और आधुनिक Infrastructure के लिए जाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मेरठ नमो भारत रैपिड रेल, एक्सप्रेसवे, बेहतर सड़कें और हिंडन सिविल टर्मिनल जैसी परियोजनाओं ने जिले को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद अब दिल्ली का ग्रोथ इंजन बनकर उभर रहा है और केंद्र व राज्य सरकार मिलकर जिले की तरक्की को नई रफ्तार दे रही हैं। अब दिल्ली के ग्रोथ इंजन का काम गाजियाबाद कर रहा है।
cm-yogi-ghaziabad-visit-development-projects-opposition-attack-gym-mandali (2)

अपराध करने वाला जेल में या जहन्नुम में

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। अपराध करने वाला या तो जेल में होता है या फिर जहन्नुम में। उन्होंने कहा कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का असर कानून-व्यवस्था पर साफ दिखाई दे रहा है। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब हर-हर बम और जय भोले के उद्घोष पर भी आपत्ति जताई जाती थी। आज सरकार कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि सच्चा शिवभक्त हमेशा मर्यादा का पालन करता है और सरकार की कोशिश है कि यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो।

विकास योजनाओं का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भी स्वीकार किया था कि सरकार का एक रुपया खर्च होने पर जनता तक केवल 15 पैसे पहुंचते थे। उन्होंने कहा कि अगर पूरा पैसा ईमानदारी से खर्च होता तो पहले ही हाईवे, एयरपोर्ट और आधुनिक रेल परियोजनाएं बन जातीं। डबल इंजन सरकार में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण हो रहा है और मेरठ से हरिद्वार तक इसके विस्तार की दिशा में भी काम चल रहा है। वहीं दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और पुरा महादेव व दूधेश्वरनाथ मंदिर कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं भी क्षेत्र को नई पहचान देंगी।

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर मुरादनगर और गाजियाबाद में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। करीब 1500 पुलिसकर्मी तैनात रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री शुक्रवार रात गाजियाबाद में ही रात्रि विश्राम करेंगे।

ये भी पढ़ें  औषधि निरीक्षक की कार से हादसा...हाईवे पार कर रही बालिका की मौत

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button