Uttarakhand

तिरंगा यात्रा: धामी के साथ उमड़ी भीड़ ने किया मार्च, देशभक्ति के गूंजे नारे, की ये अपील

देहरादून में गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली यात्रा में शामिल हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी, बोले- विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के साथ उत्तराखंड भी तेजी से बढ़ रहा आगे, स्व. इंद्रमणि बडोनी व डॉ. भीमराव अंबेडकर को दी श्रद्धांजलि

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 9 अगस्त 2026ः

स्वतंत्रता दिवस से पहले उत्तराखंड की राजधानी देहरादून राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली हर घर तिरंगा यात्रा में सीएम पुष्कर सिंह धामी के साथ हजारों लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों के बीच निकली यात्रा ने शहर में राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश दिया। सीएम ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
cm-pushkar-singh-dhami-leads-dehradun-tiranga-yatra-har-ghar-tiranga (2)

सीएम धामी ने गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि तिरंगा देश के करोड़ों नागरिकों के गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों व वीर सैनिकों ने इसकी आन-बान-शान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आज प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़ा रहे। यात्रा में शामिल होने से पहले सीएम ने घंटाघर पहुंचकर उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्व. इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

ये भी पढ़ें:

धामी ने कहा कि राष्ट्रभक्ति की भावना उत्तराखंड के कण-कण में बसी है। देवभूमि उत्तराखंड वीरभूमि भी है। यहां के हजारों परिवारों के बेटे देश की सीमाओं पर तैनात होकर राष्ट्र की सुरक्षा में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के साथ उत्तराखंड भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने 30 से अधिक क्षेत्रों के लिए विशिष्ट नीतियां तैयार कर विकास का रोडमैप बनाया है। पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित होने और स्टार्टअप की संख्या 1750 से अधिक पहुंचने का भी उन्होंने दावा किया। उनके अनुसार राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है और सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने में उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर रहा है।
cm-pushkar-singh-dhami-leads-dehradun-tiranga-yatra-har-ghar-tiranga (3)

सीएम धामी ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। सरकार युवाओं को केवल नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे और पर्यटन नीति समेत विभिन्न योजनाओं के जरिए युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जा रहा है। तिरंगा यात्रा में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और सौरभ बहुगुणा, विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल और स्थानीय लोग शामिल हुए।

ये भी पढ़ें  काशीपुर से फ्रोजन French Fries इराक रवाना, उत्तराखंड के कृषि Export को मिली नई पहचान

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button