
लखनऊ, 10 अगस्त 2026:
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश की सियासत में जुबानी जंग लगातार तेज होती जा रही है। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर बेहद तीखा हमला बोला है। राजभर ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भोजपुरी में एक लंबा पोस्ट लिखकर सपा की सरकार बनने की संभावनाओं को सिरे से खारिज किया।
राजभर ने लिखा- ‘सत्ताइस नाहीं, तोहरे अगली पैदाइश में भी सपा सरकार न बनी, चाहे त लिख के रख ल।’ इसके साथ ही दावा किया कि प्रदेश के थानों में ‘पीट देगा अहिर’ और ‘पीट देगा अशफाक’ जैसे मामलों से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस के 1 जनवरी से 30 अप्रैल 2026 तक के FIR आंकड़ों का हवाला देते हुए 2,160 ‘कंसवादी अहिर’ और 1,983 ‘अशफाक/अब्दुल/अकरम’ मामलों का जिक्र किया।
राजभर ने अपने पोस्ट में अखिलेश यादव की PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की राजनीति पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि गैर-यादव पिछड़ों और दलितों के साथ कथित तौर पर अन्याय किया गया और केवल सोशल मीडिया पर PDA की राजनीति करने से काम नहीं चलेगा।
सुभासपा प्रमुख ने यह भी लिखा कि उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए दिल्ली से लेकर लंदन और पेरिस तक शिकायत की जा सकती है। अंत में उन्होंने दावा किया कि सत्ताइस में सूपड़ा साफ, अट्ठाइस ले सपा हमेशा बदे समाप्त।
राजभर इससे पहले भी अखिलेश यादव और सपा पर विभिन्न मुद्दों को लेकर लगातार हमलावर रहे हैं। चुनावी माहौल गरमाने के साथ उनका यह बयान यूपी की सियासत में आने वाले दिनों में और तीखी बयानबाजी के संकेत दे रहा है।






