
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 10 अगस्त 2026ः
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से प्रदेश भर के डीएम के साथ वर्चुअल बैठक की। इस दौरान उन्होंने मानसून समाप्त होते ही सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि 15 अक्टूबर तक किसी भी स्थिति में प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए। सीएम ने मानसून, चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा, आपदा प्रबंधन, ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम, सत्यापन अभियान और सड़कों की स्थिति की समीक्षा की।

सीएम धामी ने मानसून को देखते हुए सभी जिलों में आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने फोन चालू रखें और किसी भी परिस्थिति में संपर्क से बाहर न रहें। अत्यधिक बारिश या आपदा की स्थिति में आमजन को तत्काल राहत मिल सके, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं और तैयारियां पहले से कर ली जाएं। साथ ही बारिश और आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों, टूटे या अवरुद्ध मार्गों व खराब ड्रेनेज व्यवस्था का डीएम स्तर पर विवरण तैयार किया जाए।
उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों को चिह्नित कर मानसून समाप्त होते ही मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किए जाएं। मुख्यमंत्री ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में भी मानसून के बाद तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन गांवों और क्षेत्रों में अभी तक शिविर नहीं लगे हैं, वहां प्राथमिकता से कैंप आयोजित कर लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाया जाए। साथ ही 1905 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की नियमित समीक्षा और सत्यापन अभियान में तेजी लाई जाए।
सीएम ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पांच वर्ष पूरे कर चुकी और खराब स्थिति वाली सड़कों को चिह्नित कर उनके डामरीकरण व सुधार की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। इसके अलावा कृषि, बागवानी और पशुपालन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लोगों को फायदा मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार बढ़ेगा और प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप सहित अन्य विभागों से संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






