
लखनऊ, 11 अगस्त 2026:
यूपी विधानसभा चुनाव करीब आने के साथ प्रदेश की सियासत में जुबानी जंग और तेज होती नजर आ रही है। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को निशाने पर लिया है। राजभर ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लंबा पोस्ट लिखकर झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर विपक्ष की चुप्पी पर सवाल उठाए और अखिलेश यादव पर तीखा व्यंग्य किया।

राजभर ने अपने पोस्ट की शुरुआत ही तंज के साथ की। उन्होंने लिखा, ‘मित्र अखिलेश जी, झारखंड जा रहे हैं क्या? नहीं जायेंगे ना?’ इसके बाद उन्होंने अखिलेश को झारखंड जाने की सलाह देते हुए कहा कि लखनऊ से करीब डेढ़ घंटे और दिल्ली से लगभग दो घंटे में वहां पहुंचा जा सकता है। राजभर ने आरोप लगाया कि यदि झारखंड में बीजेपी की सरकार होती तो अखिलेश यादव वहां जाकर ‘घड़ियाली आंसू’ बहाते।
सुभासपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी को भी अपने निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों के बीच जाकर उनके साथ खड़े होने की बात कहते लेकिन झारखंड के छात्रों को लेकर विपक्ष का रवैया अलग दिखाई दे रहा है। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अगर वहां बीजेपी की सरकार होती तो विपक्षी सांसद भी छात्रों के बीच जाकर रील बनवाते नजर आते।
राजभर ने अपने हमले को आगे बढ़ाते हुए सपा के PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समीकरण पर भी सवाल उठाया। उन्होंने लिखा कि झारखंड में लाठी खा रहे छात्र भी उसी PDA समाज से आते हैं जिसके नाम पर सपा लंबे समय से राजनीति कर रही है। राजभर ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह झारखंड के छात्रों के मुद्दे पर उसी तरह खामोश है, जैसे उन्होंने ममता बनर्जी सरकार के दौरान हिंदुओं की पिटाई के मामलों में चुप्पी साधे रखी थी।
उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर न्याय करेगी। राजभर का यह बयान ऐसे समय आया है जब यूपी में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप लगातार तेज हो रहे हैं। अखिलेश यादव और सपा पर लगातार हमलावर राजभर के इस ताजा बयान ने प्रदेश की सियासत में आने वाले दिनों में और तीखी बयानबाजी के संकेत दे दिए हैं।






