
संतकबीरनगर/गोरखपुर, 11 अगस्त 2026:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को पूर्वांचल को बड़ी विकास सौगात देते हुए संतकबीरनगर में 684 करोड़ रुपये से ज्यादा की 201 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके बाद गोरखपुर में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से बने NH-24 से ग्रीन सिटी कॉलोनी, पटनिया होते हुए माधोपुर बंधा तक दो लेन सड़क का लोकार्पण किया। दोनों कार्यक्रमों के दौरान मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के साथ विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला।
संतकबीरनगर के खलीलाबाद स्थित कांशीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिले की 201 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान किसानों को विभिन्न योजनाओं के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। वहीं गोरखपुर में लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से तैयार NH-24 से ग्रीन सिटी कॉलोनी, पटनिया होते हुए माधोपुर बंधा तक 2- लेन सड़क का लोकार्पण किया। इससे शहर के कई इलाकों में आवागमन आसान होगा और लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर बोला हमला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव पढ़े-लिखे हैं या नहीं, यह तो वही जानते होंगे, लेकिन उनकी कई बातें ऐसी होती हैं जो हास्यास्पद लगती हैं और उन्हें खुद ही कटघरे में खड़ा कर देती हैं। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी आज जिस तरह का प्रोपेगेंडा कर रही हैं, वह जनता देख रही है। उन्होंने सवाल किया कि जब पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस से बच्चों की मौतें हो रही थीं, तब ये दल क्या कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि एक सांसद के रूप में उन्होंने इस मुद्दे की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ी और आज पूर्वांचल इंसेफेलाइटिस से काफी हद तक मुक्त हो चुका है।
युवाओं के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
मुख्यमंत्री ने युवाओं की नौकरियों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार होता था, लेकिन अब बिना किसी भेदभाव के पारदर्शी तरीके से नियुक्तियां हो रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई युवाओं के रोजगार के साथ खिलवाड़ करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

तरक्की के आंकड़े गिनाए, मगहर और संत कबीर का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले वर्षों में IIT, IIM, AIIMS, मेडिकल कॉलेज, MBBS और PG सीटों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप की संख्या भी कई गुना बढ़ी है, जिससे रोजगार के नए अवसर तैयार हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत कबीरदास ने पाखंड के खिलाफ आवाज उठाई थी। उन्होंने कहा कि मगहर को लेकर कभी भ्रम फैलाया गया कि वहां मरने से नर्क मिलता है, जबकि व्यक्ति के कर्म ही उसके भविष्य का फैसला करते हैं। उन्होंने बताया कि मगहर में कबीर अकादमी बनाई गई है और वहां शोध कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है।
विकास, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था पर बोले
मुख्यमंत्री ने कहा कि संतकबीरनगर में मेडिकल कॉलेज बन चुका है, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों परिवारों को घर मिले हैं और बड़ी संख्या में शौचालय बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीमारी और माफिया दोनों पर प्रभावी कार्रवाई हुई है। साथ ही बताया कि संतकबीरनगर के लिए विकास प्राधिकरण बनाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।






