Uttarakhand

राहुल से मिले नर्सिंग अभ्यर्थी, बताईं समस्याएं, बोले- संसद में उठाएं उनकी आवाज

देहरादून में नर्सिंग एकता मंच का 252 दिन से चल रहा धरना, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष से हस्तक्षेप की मांग की, धामी सरकार पर लगाया वादा खिलाफी का आरोप

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 14 अगस्त 2026ः

उत्तराखंड में नर्सिंग अधिकारी भर्ती को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, नियमावली में बार-बार बदलाव और सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए नर्सिंग एकता मंच उत्तराखंड के पदाधिकारियों ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने नर्सिंग अभ्यर्थियों की समस्याएं उनके सामने रखीं और संसद में उठाने की मांग की।

पदाधिकारियों ने राहुल गांधी को बताया कि देहरादून के एकता विहार में नर्सिंग अभ्यर्थियों का धरना 252 दिन से जारी है। उनका कहना है कि आंदोलन के दौरान सरकार की ओर से अभ्यर्थियों को सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया था। इसके बाद नर्सिंग अधिकारी भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित किए जाने से आंदोलनरत अभ्यर्थियों में निराशा और रोष बढ़ गया।

ये भी पढ़ें:

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जब इन अभ्यर्थियों ने नर्सिंग की शिक्षा पूरी कर भर्ती की तैयारी शुरू की थी, उस समय वर्षवार और वरिष्ठता के आधार पर नियुक्ति की व्यवस्था थी। इसी व्यवस्था के आधार पर अभ्यर्थियों ने वर्षों तक अपनी बारी का इंतजार किया। अब भर्ती प्रक्रिया को परीक्षा आधारित किए जाने से उन अभ्यर्थियों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है, जो लंबे समय से नियुक्ति की उम्मीद लगाए बैठे हैं। भर्ती नियमावली में लगातार किए जा रहे बदलावों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे अलग-अलग वर्षों में नर्सिंग शिक्षा पूरी करने वाले अभ्यर्थियों के हित प्रभावित हो रहे हैं।

uttarakhand-nursing-candidates-rahul-gandhi (2)

नर्सिंग एकता मंच ने नर्सिंग अधिकारी भर्ती में लागू 80 प्रतिशत महिला और 20 प्रतिशत पुरुष पदों की व्यवस्था को भी नेता प्रतिपक्ष के सामने प्रमुखता से उठाया। मांग की कि लिंग के आधार पर पदों का विभाजन समाप्त कर महिला और पुरुष अभ्यर्थियों को समान अवसर दिया जाए। पदाधिकारियों का कहना है कि चयन योग्यता, मेरिट और निर्धारित चयन प्रक्रिया के आधार पर होना चाहिए। राहुल गांधी से आग्रह किया कि वे नर्सिंग अभ्यर्थियों की समस्याओं को संसद और उचित मंच पर उठाएं और भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं को लेकर हस्तक्षेप करें।

प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि राहुल गांधी इस मामले को गंभीरता से उठाकर नर्सिंग अभ्यर्थियों के भविष्य और समान अवसर के मुद्दे पर आवाज बुलंद करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में नवल पुंडीर, राजेंद्र कुकरेती, प्रवेश रावत, शिरा बधानी आदि मौजूद रहे। इसके अलावा बेरोजगार संघ, पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा, उपनल कर्मचारी के प्रतिनिधि मंडल ने भी राहुल गांधी से मुलाकात की।

ये भी पढ़ें  खुली आंखों से बड़े सपने देखिए और उन्हें पूरा करने में जुट जाइए... राज्यपाल की छात्रों को सलाह

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button