
लखनऊ, 16 अगस्त 2026:
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर यूपी की राजधानी लखनऊ आज अटलमय होगा। पं. अटल बिहारी वाजपेयी मेमोरियल फाउंडेशन के तत्वावधान में ‘अटल स्मृति संध्या’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इससे पहले सीएम योगी ने सुबह लोकभवन पहुंचकर अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के मुताबिक शाम को केजीएमयू स्थित पं. अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में होने वाली स्मृति संध्या में अटल बिहारी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया जाएगा। कार्यक्रम का खास आकर्षण पद्मश्री एवं वरिष्ठ साहित्यकार अशोक चक्रधर का एकल काव्य पाठ होगा। उनकी कविताओं के जरिए अटल जी की साहित्यिक संवेदना, राष्ट्रप्रेम और ओजस्वी विचारों को याद किया जाएगा।
स्मृति संध्या में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा और भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल समेत सरकार और संगठन के शीर्ष पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन के भी कार्यक्रम में पहुंचने की उम्मीद है।
इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज सुबह लोकभवन पहुंचकर अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान अटल जी के राष्ट्रनिर्माण में योगदान और उनके सार्वजनिक जीवन की विरासत को नमन किया जाएगा। शाम को अटल स्मृति संध्या के जरिए राजधानी में एक बार फिर राजनीति, साहित्य और राष्ट्रचिंतन के उस व्यक्तित्व को याद किया जाएगा जिसकी वाणी और विचारों ने भारतीय लोकतंत्र पर गहरी छाप छोड़ी।






