
न्यूज डेस्क, 17 अगस्त 2026:
नीट समेत दूसरी परीक्षाओं को लेकर विवादों में रही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) एक बार फिर सवालों के घेरे में है। इस बार गड़बड़ी का मामला विश्वविद्यालय अनुदान आयोग-राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (UGC-NET) से जुड़ा है। NTA ने अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषयों की परीक्षा रद्द कर दी है। इन तीनों विषयों की परीक्षा अब 9 और 10 सितंबर 2026 को दोबारा कराई जाएगी। खास बात यह है कि दोबारा परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
प्रश्नपत्रों को लेकर शिकायतें मिलने कर कराई गई जांच
NTA के मुताबिक इन तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों को लेकर शिकायतें मिली थीं। जांच में प्रश्नपत्रों में कई गंभीर खामियां सामने आईं। इनमें तथ्यात्मक गलतियां, टाइपिंग और अनुवाद संबंधी त्रुटियां, प्रसिद्ध विद्वानों के नामों की गलत स्पेलिंग, पुस्तकों के गलत शीर्षक और सवालों की भाषा, व्याकरण, लिंग व वचन से जुड़ी गड़बड़ियां शामिल हैं। इतना ही नहीं, बड़ी संख्या में ऐसे प्रश्न भी पाए गए, जो पहले की परीक्षाओं में पूछे जा चुके थे। इससे प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
NTA का कहना है कि गलतियां इतनी व्यापक हैं कि इन्हें सामान्य ‘चैलेंज प्रोसेस’ के जरिए सुधारना संभव नहीं था। यही वजह है कि तीनों विषयों की पूरी परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया गया। हालांकि, एजेंसी ने इसे पेपर लीक नहीं बताया है लेकिन पुराने प्रश्न दोहराए जाने की बात ने अभ्यर्थियों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।

सितंबर में फिर होगी तीनों विषयों की परीक्षा
अंग्रेजी की परीक्षा 9 सितंबर को पहली पाली में सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक होगी। इसी दिन कॉमर्स की परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक आयोजित की जाएगी। समाजशास्त्र की परीक्षा 10 सितंबर को पहली पाली में सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक होगी। परीक्षा केंद्र, शहर और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
इस फैसले के समय पर भी सवाल उठ रहे हैं। UGC-NET के 87 विषयों में से 84 विषयों की उत्तर कुंजी जारी हो चुकी है और 18 अगस्त रात 11:59 बजे तक आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। NTA ने कहा है कि बाकी 84 विषयों के परिणाम तय समय पर जारी होंगे। JRF सीट आवंटन, असिस्टेंट प्रोफेसर की पात्रता और पीएचडी प्रवेश के लिए ई-सर्टिफिकेट जारी करने में भी देरी नहीं होगी।

राहुल गांधी ने PM मोदी पर भी साधा निशाना
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और NTA पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि जून में आयोजित परीक्षाओं के करीब दो महीने बाद NTA ने तीन विषयों की परीक्षा रद्द की, क्योंकि प्रश्नपत्रों में गलतियां थीं और पुराने सवाल दोबारा पूछे गए। राहुल गांधी ने कहा कि तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा व्यवस्था सुधारने की दिशा में पहला कदम है, आखिरी नहीं। उन्होंने NTA के नेतृत्व को भी जवाबदेह ठहराने की मांग की है।
ऐसे में UGC-NET की तीन परीक्षाओं का रद्द होना सिर्फ अभ्यर्थियों के लिए नई तारीख और नई तैयारी की चुनौती नहीं है, बल्कि परीक्षा कराने वाली देश की प्रमुख एजेंसी NTA की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर बड़ा सवालिया निशान भी खड़ा करता है।






