Lucknow City

Police से पंगा पड़ा महंगा! पारा में भारी फोर्स के साथ नगर निगम का धावा, 120 भैंसें कांजी हाउस भेजीं

लखनऊ में अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान के दौरान दरोगा का सिर फोड़ने के बाद एक्शन में प्रशासन, तीन थानों की पुलिस और PAC के साए में घर-घर पहुंची टीम, महापौर बोलीं- पुलिस पर हमला बर्दाश्त नहीं, पूरा इलाका साफ करेंगे

लखनऊ, 18 अगस्त 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के पारा क्षेत्र के रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से संचालित डेयरियों के खिलाफ मंगलवार को नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की। रविवार को नगर निगम की कैटल कैचर टीम और पुलिसकर्मियों पर हुए हमले के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान चलाया। हेलमेट, डंडे और बुलेटप्रूफ जैकेट से लैस जवानों के बीच नगर निगम की टीम ने करीब 120 भैंसों को पकड़कर ठाकुरगंज स्थित कांजी हाउस भेज दिया।

कार्रवाई के दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार भी मौके पर पहुंचे। पारा, दुबग्गा और काकोरी थानों की पुलिस के साथ PAC के जवानों की तैनाती की गई थी। एसीपी काकोरी शकील अहमद समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

घरों के अंदर छिपाई थीं भैंसें, टीम ने एक-एक कर निकाला

ये भी पढ़ें:

अभियान की शुरुआत तिकोनिया, गायत्री विहार और ज्ञानेंद्र विहार से हुई। यहां करीब 10 घरों और डेयरियों से भैंसों को बाहर निकाला गया। अवैध डेयरी संचालकों ने कार्रवाई से बचने के लिए कई भैंसों को घरों के भीतर बांधकर छिपा दिया था। नगर निगम की टीम घरों के अंदर पहुंची और खूंटे से भैंसों को खोलकर कैटल कैचर वाहनों में लादती रही। भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी के कारण इस बार किसी ने विरोध की हिम्मत नहीं दिखाई।

इन मोहल्लों के बाद टीम हैदर कैनाल के पास कुल्हरकट्टा रोड की ओर भी कार्रवाई के लिए पहुंची। नगर निगम के पशु चिकित्सा अधिकारी अभिनव वर्मा ने बताया कि अभियान में करीब 120 भैंसें पकड़ी गई हैं और उन्हें कांजी हाउस भेजा गया। उन्होंने कहा कि अवैध डेयरियों को खाली कराने और रिहायशी इलाकों से पशुओं को हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी।

रविवार को हुआ था टीम पर हमला

दरअसल, रविवार को नगर निगम की टीम एक दरोगा और कुछ पुलिसकर्मियों के साथ अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी। इस दौरान डेयरी संचालकों ने टीम पर हमला कर दिया था। पशु कल्याण अधिकारी अवधेश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने अबरार, इमरान, सालून, सुबिल, सराफत, अतीक, आशिफ, वारिश, नसीम, रानू, जीशान, नाफिश समेत 24 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। कई लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि सोमवार को दो महिलाओं की भी गिरफ्तारी हुई थी।
lucknow-me-awaidh-dairyon-par-nagar-nigam-ka-action-120-bhainse-jabt (2)

महापौर बोलीं- पुलिस पर हमला स्वीकार नहीं

महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि यह पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम कर्मचारियों और दरोगा के साथ मारपीट बेहद गंभीर मामला है और हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए है। उस पर हमला किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

महापौर ने कहा कि रिहायशी इलाकों में अवैध डेयरियों को लेकर अभियान जारी रहेगा और पूरे इलाके को साफ कराया जाएगा। रविवार की घटना के बाद मंगलवार की कार्रवाई में प्रशासन ने साफ संकेत दिया कि अवैध डेयरियों और टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ अब नरमी नहीं बरती जाएगी।

ये भी पढ़ें  मिशन शक्ति : इटावा में कक्षा 8 की छात्रा बनी एक दिन की डीएम, समस्याएं सुनीं, दिए निस्तारण के निर्देश

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button