
स्पोर्ट्स डेस्क, 18 अगस्त 2026:
BWF World Championship 2026 के पहले दिन भारत ने घरेलू कोर्ट पर शानदार शुरुआत की। देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में सोमवार को उतरे पांचों भारतीय खिलाड़ियों ने अपने शुरुआती मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई। सबसे बड़ा नतीजा आयुष शेट्टी के मैच में देखने को मिला, जहां दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी शी यू की को भारतीय शटलर ने शिकस्त दी।
तीन गेम तक चला रोमांचक मुकाबला
दुनिया के 22वें नंबर के आयुष शेट्टी ने शी यू की को 21-14, 13-21, 21-19 से हराया। शुरुआत में शेट्टी ने तेज स्मैश, नेट प्ले के साथ चीनी खिलाड़ी पर दबाव बनाया। उन्होंने पहला गेम 21-14 से अपने नाम किया। दूसरे गेम में शी यू की ने वापसी की। शेट्टी के कुछ क्रॉस-कोर्ट क्लियर शॉट बाहर चले गए, जिसका फायदा चीनी खिलाड़ी ने उठाया। शी ने 21-13 से गेम जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।
निर्णायक गेम में शेट्टी ने नहीं छोड़ा कंट्रोल
तीसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। ब्रेक के समय शेट्टी 11-5 से आगे थे, लेकिन शी यू की ने इसके बाद लगातार अंक जुटाकर दबाव बढ़ा दिया। निर्णायक मौकों पर भारतीय खिलाड़ी ने धैर्य बनाए रखा। आखिर में उन्होंने 21-19 से गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
एशिया चैंपियनशिप की हार का हिसाब बराबर
इस जीत के साथ शेट्टी ने इस साल की शुरुआत में मिली हार का भी बदला ले लिया। बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के फाइनल में शी यू की ने उन्हें हराया था। अब शेट्टी की नजर BWF World Championship के राउंड ऑफ 32 पर होगी।

सिंधु ने सीधे गेम में दर्ज की जीत
पांच बार की World Championship medalist पीवी सिंधु ने महिला सिंगल्स के राउंड ऑफ 64 में आयरलैंड की सोफिया नोबल को 21-7, 21-11 से हराया। सिंधु ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बनाए रखी। उनके ड्रॉप शॉट्स व स्मैश के सामने नोबल को लगातार परेशानी हुई। दूसरे गेम में भी सिंधु ने अपनी रफ्तार बनाए रखी। नोबल ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने उन्हें ज्यादा मौके नहीं दिए। सिंधु ने 29 मिनट के मुकाबले में सीधे गेम जीतकर अगले दौर में जगह बनाई।
राउंड ऑफ 32 में कनाडा की खिलाड़ी से मुकाबला
सिंधु अब मंगलवार को राउंड ऑफ 32 में कनाडा की वेन यू झांग के खिलाफ उतरेंगी। World Championship में सिंधु के नाम एक गोल्ड, दो सिल्वर व दो ब्रॉन्ज मेडल हैं। टूर्नामेंट के पहले दिन भारत की तीन डबल्स जोड़ियां भी अपने शुरुआती मुकाबले जीतकर राउंड ऑफ 32 में पहुंच गईं। बता दें कि 2009 के बाद पहली बार भारत में आयोजित हो रही BWF World Championship 17 से 23 अगस्त तक खेली जा रही है।






