
देहरादून, 18 अगस्त 2026:
उत्तराखंड में खेल महाकुम्भ-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग ने मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के तहत होने वाली प्रतियोगिताओं का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। खेल महाकुम्भ में न्याय पंचायत से लेकर विधानसभा, संसदीय क्षेत्र व राज्य स्तर तक खिलाड़ियों को मुकाबले का मौका मिलेगा।
धामी बोले- प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुताबिक खेल महाकुम्भ का मकसद प्रदेश के युवाओं को खेलों के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके जरिए ग्रामीण व दूरदराज क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने की कोशिश की जाएगी, जिससे खिलाड़ियों को राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का मौका मिल सके। युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल की निदेशक दीप्ति सिंह ने खेल महाकुम्भ को लेकर विस्तृत कार्ययोजना जारी की है। उन्होंने आयोजन से जुड़े विभागों से तैयारियों में सहयोग करने को कहा है।
1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर पर मुकाबले
न्याय पंचायत स्तर की स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताएं 1 से 10 सितंबर तक होंगी। इनमें अंडर-14 व अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ी कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो व मुर्गा झपट जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।
विधायक चैम्पियनशिप में चयनित खिलाड़ियों को मौका
विधानसभा स्तर की विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं 11 से 20 सितंबर तक आयोजित होंगी। वॉलीबाल व पिट्टू के मुकाबले सीधे इस स्तर पर होंगे, जबकि कुछ प्रतियोगिताओं में न्याय पंचायत स्तर से चयनित खिलाड़ियों को मौका मिलेगा।
सांसद चैम्पियनशिप में इन खेलों पर फोकस
संसदीय क्षेत्र स्तर की सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी 21 से 30 सितंबर तक होगी। यहां मलखम्ब, रस्साकसी, गोली यानी कंचा, फुटबाल व बैडमिंटन के मुकाबले होंगे। इनमें कुछ प्रतियोगिताओं में विधानसभा स्तर पर हुए चयन के आधार पर खिलाड़ी पहुंचेंगे।
राज्य स्तर पर 18 से ज्यादा खेलों में मुकाबले
मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के राज्य स्तरीय मुकाबले 10 सितंबर से 30 अक्टूबर तक चलेंगे। जूडो, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, कराटे, बास्केटबाल, हॉकी, हैंडबाल, योगासन, तैराकी, तीरंदाजी, फेंसिंग, कुश्ती, पेंचक सिलाट, पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग, बेसबाल व लॉन टेनिस जैसे खेल इसमें शामिल हैं।
महिला व दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी मुकाबले
खेल महाकुम्भ में महिला ओपन वर्ग के साथ दिव्यांगजन महिला व पुरुष ओपन वर्ग की प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। अलग-अलग स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं के जरिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।






