Uttarakhand

वृद्ध महिला से चेन लूटकर भागा था बदमाश, पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा, पैर में लगी गोली

देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में चेकिंग के दौरान चकमा देकर भाग रहे बदमाश को पुलिस ने किया गिरफ्तार, एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज, खंगाला जा रहा आपराधिक रिकॉर्ड

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 19 अगस्त 2026ः

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक चेन स्नैचर को गिरफ्तार किया। हरबंसवाला बैरियर पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार बदमाश को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह चकमा देकर भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में वृद्ध महिला से हुई चेन स्नैचिंग की वारदात में बदमाश शामिल था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात हरबंसवाला बैरियर पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की स्कूटी से जा रहे युवक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने स्कूटी नहीं रोकी। युवक टी-स्टेट की ओर तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाश ने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।

ये भी पढ़ें:

बदमाश को तत्काल प्रेमनगर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर भी घटना की जानकारी ली। बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27 वर्ष) निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आकाश शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने के साथ अन्य वारदातों में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और स्कूटी बरामद की है। जांच में स्कूटी के कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा 14 अगस्त को बसंत विहार में वृद्ध महिला से छीनी गई चेन भी बरामद कर ली गई है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब बदमाश से पूछताछ के आधार पर उसके नेटवर्क और पूर्व में की गई अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।

ये भी पढ़ें  Apple Manager विवेक तिवारी हत्याकांड : 8 साल बाद बर्खास्त सिपाही प्रशांत को 10 साल की कैद

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link