Lucknow City

बुद्धेश्वर महादेव में मूल शिवलिंग के दर्शन, चांदी हटाने की मांग, मोहान रोड पर कांवड़ियों का प्रदर्शन

बिठूर से गंगाजल लेकर लौटे कांवड़ियों ने शिवलिंग पर चढ़ी चांदी हटाने की मांग की, मूल शिवलिंग के दर्शन के बाद जलाभिषेक करने की बात कही, प्रदर्शन से मोहन रोड पर यातायात प्रभावित रहा, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

लखनऊ, 19 अगस्त 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में मोहान रोड पर सावन के तीसरे बुधवार को कांवड़ियों के जत्थे ने प्रदर्शन किया। वैदेही सेना के नेतृत्व में पहुंचे कांवड़ियों की मांग थी कि बुद्धेश्वर महादेव मंदिर के शिवलिंग पर चढ़ी चांदी हटाकर उन्हें मूल शिवलिंग के दर्शन कराए जाएं। कांवड़ियों ने कहा कि दर्शन के बाद ही वे बिठूर से लाया गया गंगाजल चढ़ाएंगे।

बिठूर से गंगाजल लेकर लौटे

वैदेही सेना के मुताबिक रविवार को करीब 1500 कांवड़िए बुद्धेश्वर महादेव मंदिर से बिठूर के लिए रवाना हुए थे। वहां गंगा तट से जल लेने के बाद बुधवार को कांवड़िए लखनऊ लौटे। वापसी के दौरान उन्होंने शिवलिंग पर चढ़ी चांदी हटाने की मांग रखी।

ये भी पढ़ें:

एक ही नारा लगाकर जताते रहे विरोध

कांवड़ियों ने मोहन रोड पर ‘कांवड़ियों का यही अनुरोध, शिवलिंग खोलो बिना विरोध’ का नारा लगाया। उनका कहना था कि जब तक चांदी हटाकर मूल शिवलिंग के दर्शन नहीं कराए जाते, तब तक वे जलाभिषेक नहीं करेंगे। प्रदर्शन के चलते मोहन रोड पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

तीन थानों की फोर्स पहुंची

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एसीपी काकोरी शकील अहमद के साथ करीब तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। साथ ही सड़क पर यातायात सामान्य कराने की कोशिश की गई।

जलाभिषेक से पहले मूल शिवलिंग के दर्शन की मांग

कांवड़ियों का कहना था कि वे पहले भी प्रसासन से आग्रह कर चुके हैं कि समय रहते उनकी मांग पर निर्णय लिया जाए। इसके बावजूद उनकी मांग को अनदेखा किया गया। उनकी आस्था और धार्मिक भावनाओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। शिवलिंग पर चढ़ी चांदी हटाकर मूल शिवलिंग के दर्शन कराए जाएं।

मंदिर में सुबह से लगी रही कतार

सावन के तीसरे बुधवार को बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मंदिर में भक्तों ने जल, दूध, बेलपत्र, फूल व धतूरा चढ़ाकर पूजा की। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा।

ये भी पढ़ें  LDA के बुलडोजर एक्शन से हड़कंप : 15 बीघे की 3 अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, 5 निर्माण सील

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button