Lucknow City

LDA Sealing Action पर व्यापारियों का विरोध तेज, बैठक में वार्ता से हल निकालने की उठी मांग

लखनऊ व्यापार मंडल की ट्रांसगोमती इकाई की बैठक में उठा मुद्दा, एलडीए, आवास विकास परिषद की कार्रवाई पर व्यापारियों ने जताई नाराजगी, बिना पर्याप्त समय नोटिस दिए सीलिंग पर सवाल, व्यापारी संगठनों से बातचीत कर व्यावहारिक समाधान निकालने की मांग

लखनऊ, 4 जुलाई 2026:

शहर में LDA Sealing Action और आवास विकास परिषद की ओर से चल रही सीलिंग कार्रवाई के विरोध में शनिवार को लखनऊ व्यापार मंडल की ट्रांसगोमती इकाई की अहम बैठक इंदिरानगर में हुई। इसमें व्यापारियों ने मौजूदा कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से बातचीत के जरिए समाधान निकालने की मांग की।

बैठक में अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने कहा कि बिना पर्याप्त संवाद और व्यापारियों को अपनी बात रखने का मौका दिए सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। इससे व्यापारियों के बीच डर और असंतोष का माहौल बन रहा है। उनका कहना था कि अगर कहीं कोई अनियमितता है तो उसका हल नियमों के तहत बातचीत से निकाला जाना चाहिए, सीधे सीलिंग जैसी सख्त कार्रवाई से नहीं।

अमिताभ श्रीवास्तव ने कहा कि व्यापारी हमेशा कानून का सम्मान करते हैं, लेकिन प्रशासन को भी वर्षों से चल रहे व्यापारिक प्रतिष्ठानों की वास्तविक परिस्थितियों को समझते हुए संतुलित फैसला लेना चाहिए। नितिन जैन ने कहा कि एकतरफा कार्रवाई से हजारों व्यापारियों के साथ उनके यहां काम करने वाले कर्मचारियों की रोजी-रोटी पर असर पड़ रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रशासन व्यापारी संगठनों के साथ बैठक कर ऐसा रास्ता निकाले, जिससे विकास कार्य भी चलते रहें और व्यापारियों को भी परेशानी न हो।

अरविंद पाठक ने कहा कि बिना पूर्व सूचना और पर्याप्त समय दिए सीलिंग करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि लखनऊ व्यापार मंडल व्यापारियों के वैध अधिकारों की रक्षा के लिए उनके साथ खड़ा है। जरूरत पड़ने पर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन भी किया जाएगा। बैठक में मौजूद व्यापारियों ने एक स्वर में मांग की कि LDA और आवास विकास परिषद व्यापारी संगठनों के साथ जल्द वार्ता करें और अनावश्यक Sealing Drive पर तत्काल रोक लगाई जाए। बैठक में गोपाल अग्रवाल, मनीष वर्मा, पवन अग्रवाल, हिमांशू भट्ट, बिक्की देहलयानी, निखिल समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button