Lucknow CityUttar Pradesh

‘पन्ना नंबर 6’ ने मचाई सनसनी! राम मंदिर के कथित घोटाले पर संजय सिंह का बड़ा खुलासा

सुप्रीम कोर्ट के स्टेटस रिपोर्ट मांगने के बीच AAP सांसद का बड़ा दावा- SIT रिपोर्ट से गायब पन्ने में अनिल मिश्रा पर SOP शिथिल करने का आरोप, क्लीन चिट के पीछे बड़ी साजिश, 26 दस्तावेज सौंपने का ऐलान

लखनऊ, 20 अगस्त 2026:

राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित भ्रष्टाचार को लेकर आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर पूर्व में गठित SIT की रिपोर्ट का कथित तौर पर गायब ‘पन्ना नंबर 6’ सार्वजनिक किया। उन्होंने दावा किया कि इस पन्ने में मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं में गंभीर अनियमितताओं और चोरी-गबन की परिस्थितियों का उल्लेख है।

संजय सिंह ने कहा कि 17 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने जांच में देरी पर नाराजगी जताते हुए SIT से स्टेटस रिपोर्ट मांगी, लेकिन उसी दिन आरोपियों को कथित ‘क्लीन चिट’ दिए जाने की खबरें सामने आईं। उन्होंने इसे सुप्रीम कोर्ट की निगरानी को कमजोर करने की कोशिश बताते हुए सवाल उठाया कि जब जांच रिपोर्ट में पदाधिकारियों की जिम्मेदारी का उल्लेख है तो कुछ लोगों को क्लीन चिट कैसे दी जा सकती है।

‘पन्ना नंबर 6’ में क्या है?

ये भी पढ़ें:

AAP सांसद के मुताबिक विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता वाली SIT रिपोर्ट की प्रति से पन्ना नंबर 6 गायब था, जो अब उनके पास है। उनके दावे के अनुसार इसमें डॉ. अनिल मिश्रा द्वारा बैंक के साथ तय SOP को शिथिल किए जाने का उल्लेख है। संजय सिंह ने दावा किया कि रिपोर्ट में 40 दिन के भीतर 70 बार चोरी और करीब 81 लाख रुपये की बरामदगी का भी जिक्र है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कथित भ्रष्टाचार केवल जमीन के सौदों तक सीमित नहीं था, बल्कि चंदे, चढ़ावे, आभूषण और निर्माण कार्यों तक भी फैला हुआ था। इंजीनियर दीनानाथ वर्मा के हवाले से उन्होंने अनिल मिश्रा पर निर्माण कार्यों में 40 प्रतिशत तक कमीशन लेने का आरोप लगाया।

‘26 दस्तावेज लेकर SIT के सामने जाऊंगा’

संजय सिंह ने बताया कि उन्होंने वर्तमान SIT अध्यक्ष किरन एस. को पत्र और ईमेल भेजकर मुलाकात का समय मांगा है। उनका कहना है कि वे पहले सौंपे गए 13 दस्तावेजों के अलावा 13 नए दस्तावेज भी देंगे। कुल 26 दस्तावेजों को जांच में शामिल करने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वह इन कागजात के साथ सुप्रीम कोर्ट का रुख करेंगे।

प्रेस वार्ता में संजय सिंह ने भाजपा पर शिक्षा, राष्ट्रवाद और रोजगार के मुद्दे पर भी निशाना साधा। उन्होंने सरकारी स्कूलों की बदहाली का आरोप लगाते हुए भाजपा को ‘शिक्षा विरोधी’ बताया। वंदे मातरम और देशभक्ति के मुद्दे पर भी उन्होंने भाजपा और RSS पर तीखे आरोप लगाए।

प्रयागराज में बाढ़ और जलभराव को लेकर कसा तंज

प्रयागराज में बाढ़ और जलभराव को लेकर उन्होंने सरकार के ‘Triple Engine’ मॉडल पर तंज कसते हुए कहा कि केंद्र, राज्य और नगर निगम के तीनों इंजन खटारा हो चुके हैं। रोजगार के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा और युवाओं के सामने रोजगार के बजाय लाठीचार्ज की स्थिति होने का आरोप लगाया।

ये भी पढ़ें  मंत्री राजभर का अखिलेश यादव पर नया हमला, PDA की राजनीति पर घेरा

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button