Barabanki City

बेटी होने की खबर सुनाई, कहा- फार्म भरिए, पैसा मिलेगा, क्लिक करते ही खाली हो गया बैंक खाता

मुनेश्वर बिहार कालोनी में रहने वाली महिला हुई जालसाजी का शिकार, साइबर ठग ने खुद को ICDS विभाग का अधिकारी बताया, बेटी होने पर सरकारी मदद मिलने की बात कही, भरोसा दिलाने के लिए फर्जी आशा कार्यकर्ता से कराई बात, WhatsApp पर भेजे फार्म पर क्लिक करते ही तीन बार में खाते से निकली रकम

बाराबंकी, 20 अगस्त 2026:

यूपी के बाराबंकी जिले में साइबर ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें ठग ने महिला को बेटी होने पर सरकारी पैसा मिलने का झांसा दिया। खुद को ICDS विभाग का अधिकारी बताकर फोन करने वाले जालसाज ने पहले महिला को भरोसे में लिया, फिर WhatsApp पर एक फार्म भेजकर उसे भरने को कहा। महिला ने जैसे ही फार्म पर क्लिक किया, उसके बैंक खाते से 63,994 रुपये निकल गए।

ठग ने कहा, बेटी हुई है, पैसा मिलेगा

शहर में हैदरगढ़ रोड पर बसी मुनेश्वर बिहार कॉलोनी में रहने वाली कविता वर्मा इस जालसाजी का शिकार हुईं। तहरीर के मुताबिक कुछ दिन पूर्व उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को लखनऊ के एकीकृत बाल विकास (ICDS) विभाग का अधिकारी बताया। उसने कहा कि उन्हें बेटी हुई है, इसके लिए मिलने वाली रकम खाते में भेजी जानी है।

ये भी पढ़ें:

आशा कार्यकर्ता से बात कराकर जीता भरोसा

महिला के मुताबिक, ठग ने फोन पर ही उसे कॉन्फ्रेंस कॉल में लिया। इस दौरान एक महिला से बात कराई गई, जिसे आशा कार्यकर्ता बताया गया। इससे कविता को फोन करने वाले पर भरोसा हो गया। इसके बाद उनके WhatsApp नंबर पर एक फार्म भेजा गया।

फार्म में नाम देखकर नहीं हुआ शक

ठगों ने जो फार्म भेजा उसमें कविता वर्मा व उनके पति श्रीकांत वर्मा का नाम भी दिखाई दे रहा था। इससे उन्हें लगा कि फार्म किसी सरकारी प्रक्रिया से जुड़ा है। जालसाजों के कहने पर उन्होंने फार्म पर क्लिक कर दिया।

क्लिक करते ही तीन ट्रांजेक्शन में निकल गए रुपये

फार्म पर क्लिक करने के बाद महिला के इंडियन ओवरसीज बैंक की बेगमगंज शाखा स्थित खाते से तीन बार में रकम निकाल ली गई। पहले ट्रांजेक्शन में 26,104, दूसरे में 26,170 रुपये व तीसरे में 11,719 रुपये निकाले गए। कुल 63,994 रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई।

मैसेज आया तो खाते से रकम निकलने का पता चला

कविता को बैंक से मैसेज मिलने के बाद खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। महिला ने शहर कोतवाली में केस दर्ज कराया है। पुलिस डिजिटल एविडेंस के आधार पर जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें  बाराबंकी : हेतमापुर मेले में उमड़ा जनसैलाब: बाबा नारायणदास की समाधि पर लाखों श्रद्धालुओं ने टेका माथा

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button