Uttar Pradesh

Taj Mahal देख मंत्रमुग्ध हुआ जापानी दल, ब्रज की संस्कृति ने जीता दिल, अब लखनऊ में पर्यटन पर महामंथन

यामानाशी के गवर्नर बोले- तस्वीरों से कहीं ज्यादा भव्य है ताजमहल, मोर नृत्य और बम रसिया की मनमोहक प्रस्तुतियों के बीच जापानी मेहमानों का स्वागत, वाराणसी समेत पूर्वांचल की आध्यात्मिक यात्रा भी होगी

आगरा, 20 अगस्त 2026:

ताजमहल की बेमिसाल खूबसूरती, ब्रज की लोक संस्कृति और भारतीय मेहमाननवाजी ने जापान के यामानाशी प्रान्त से आए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल की उत्तर प्रदेश यात्रा को यादगार बना दिया। मोर नृत्य और बम रसिया की मनमोहक प्रस्तुतियों के बीच जापानी मेहमानों का स्वागत हुआ तो उन्हें शुरुआत में ही ब्रज की जीवंत संस्कृति की झलक देखने को मिली। इसके बाद विश्वविख्यात ताजमहल की कारीगरी और भव्यता ने प्रतिनिधिमंडल को खासा प्रभावित किया।

taj-mahal-japanese-delegation-lucknow-tourism (2)

जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर कोटारो नागासाकी और उप-राज्यपाल जुनिची इशिदेरा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ग्रेटर नोएडा के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद आगरा पहुंचा। यहां उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और महानिदेशक पर्यटन विभाग डॉ. वेदपति मिश्र ने जयपी पैलेस में प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और उनके साथ दोपहर का भोजन किया। इसके बाद जापानी दल ताजमहल के दीदार के लिए रवाना हुआ।

करीब से ताज की कारीगरी ने किया कायल

ताजमहल देखने के बाद यामानाशी के गवर्नर कोटारो नागासाकी इसकी खूबसूरती से अभिभूत नजर आए। उन्होंने कहा कि तस्वीरों में ताजमहल को कई बार देखने के बावजूद इसे करीब से देखना बिल्कुल अलग अनुभव है। उनके मुताबिक, दूर से इसकी भव्यता आकर्षित करती है, लेकिन पास जाकर इसकी बारीक कारीगरी को महसूस करना और भी प्रभावशाली है।

taj-mahal-japanese-delegation-lucknow-tourism (3)

यामानाशी के उप-राज्यपाल जुनिची इशिदेरा ने ब्रज संस्कृति की सराहना करते हुए कहा कि यात्रा की शुरुआत किसी पर्यटन स्थल के बजाय स्थानीय संस्कृति के अनुभव से होना खास रहा। पारंपरिक स्वागत ने उन्हें क्षेत्र को समझने और जानने की उत्सुकता बढ़ाई।

आगरा से शुरू हुआ यूपी का पर्यटन सफर

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि आगरा जापानी प्रतिनिधिमंडल की उत्तर प्रदेश यात्रा का पहला पड़ाव है। ताजमहल यूपी को जानने का आकर्षक प्रवेश द्वार है, लेकिन आगे की यात्रा प्रतिनिधिमंडल को प्रदेश की विविध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ेगी। लखनऊ में जापानी मेहमान अवधी मेहमाननवाजी और व्यंजनों का अनुभव करेंगे, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश की यात्रा उन्हें बौद्ध और आध्यात्मिक विरासत से रूबरू कराएगी।

लखनऊ में पर्यटन कारोबार पर होगा मंथन

आगरा के बाद प्रतिनिधिमंडल गुरुवार शाम लखनऊ पहुंचा। शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बड़े पर्यटन कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें 50 से अधिक टूर ऑपरेटरों, होटल कारोबारियों और उद्यमियों के साथ राउंडटेबल बैठक प्रस्तावित है। पर्यटन प्रदर्शनी के साथ बौद्ध पर्यटन, वेलनेस, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और नए पर्यटक अनुभव विकसित करने पर भी चर्चा होगी।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल वाराणसी समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा करेगा। पर्यटन मंत्री ने उम्मीद जताई कि इस यात्रा से जापानी पर्यटकों में यूपी के प्रति प्रत्यक्ष समझ बढ़ेगी और दोनों देशों के पर्यटन व आतिथ्य संस्थानों के बीच सहयोग को नया आयाम मिलेगा।

ये भी पढ़ें  BHU-PG में खाली पड़े सीटों को भरने की कवायद शुरू:

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button