
बाराबंकी, 5 अगस्त 2026:
फर्जी दस्तावेज दिखाकर जमीन बेचने का आरोप
लखनऊ के गोमती नगर निवासी राहुल कुमार गोला ने बाराबंकी शहर के कटरा क्षेत्र में रहने वाले एक प्रॉपर्टी डीलर उसकी पत्नी व पिता पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पूरे मामले की एफआईआर कोतवाली शहर में दर्ज कराई है।
लखनऊ में हुई मुलाकात, बाराबंकी की जमीन दिखाई
शहर के मोहल्ला कटरा में रहने वाले फैजुररहमान ने खुद को प्रॉपर्टी डीलर बताते हुए राहुल से संपर्क किया और विभूति खंड स्थित अपने कार्यालय बुलाया। वहां उसने दावा किया कि गदिया माती, बाराबंकी में उसकी पत्नी शाजिया रहमान के नाम जमीन है, जिस पर प्लॉटिंग की जा रही है। उसने जमीन के मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज भी दिखाए और फोन पर पत्नी से बात कराकर भी जमीन उनके नाम होने की बात कही।
5 लाख देने के बाद नहीं कराई रजिस्ट्री, खोजबीन में पता चला जमीन का दूसरा सच
राहुल का कहना है कि जमीन देखने के बाद सौदा तय हुआ और उन्होंने ऑनलाइन व नगद मिलाकर कुल 5 लाख रुपये फैजुर रहमान को दे दिए। इसके बाद जब रजिस्ट्री कराने की बात आई तो आरोपी कई महीनों तक बहाने बनाकर टालता रहा। पीड़ित के मुताबिक, शक होने पर उन्होंने स्थानीय लोगों और क्षेत्रीय लेखपाल से जानकारी ली। तब पता चला कि गदिया माती में फैजुर रहमान, उसकी पत्नी शाजिया रहमान या उसके पिता चौधरी गुफरान अजीज के नाम कोई जमीन दर्ज नहीं है।
पैसे मांगने पर मारपीट और धमकी का आरोप
राहुल का आरोप है कि जब वह रुपये वापस मांगने आरोपी के घर पहुंचे तो वहां फैजुर रहमान, शाजिया रहमान, चौधरी गुफरान अजीज समेत 3 से 4 अन्य लोग मौजूद थे। सभी ने गाली-गलौज और मारपीट की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि फैजुर रहमान ने रिवॉल्वर कनपटी पर लगाकर रुपये भूल जाने की धमकी दी और दोबारा पैसे मांगने पर जान से मारने की बात कही। पीड़ित ने एसपी बाराबंकी से मामले की निष्पक्ष जांच कर धोखाधड़ी, जालसाजी, मारपीट की शिकायत की। इसके बाद कोतवाली शहर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।






