Barabanki City

Barabanki : सावन के हर रविवार बदलेंगे रास्ते, निकलने से पहले जान लें Diversion Plan

गोण्डा, बहराइच, लखनऊ और रामनगर रूट पर वाहनों का डायवर्जन लागू, शहर में भारी वाहनों की एंट्री रहेगी बंद, रोडवेज बसों के लिए भी अलग रूट तय किए गए, रविवार की सुबह 7 बजे से सोमवार 8 बजे रात तक रहेगी पाबंदी

बाराबंकी, 2 अगस्त 2026:

सावन मेला 2026 और कांवड़ यात्रा को देखते हुए बाराबंकी पुलिस ने जिले में व्यापक Traffic Diversion Plan लागू किया है। इस दौरान गोण्डा, बहराइच, लखनऊ और रामनगर की तरफ आने-जाने वाले भारी और हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं। बाराबंकी शहर में कई प्रमुख मार्गों से भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी।

भारी और छोटे वाहनों के लिए अलग रूट

गोण्डा और बहराइच से लखनऊ आने वाले भारी वाहनों को टिकोरा मोड़ से चहलारी घाट होते हुए सीतापुर के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं छोटे वाहन चौकाघाट, मरकामऊ, बदोसराय और सफदरगंज होकर अयोध्या-लखनऊ हाईवे से आगे जा सकेंगे। लखनऊ से गोण्डा और बहराइच जाने वाले भारी वाहन भी सीतापुर और चाहलारी घाट के रास्ते जाएंगे। हल्के वाहनों को सफदरगंज, बदोसराय और चौकाघाट होकर अपने गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।

ये भी पढ़ें:

शहर में भारी वाहनों की एंट्री बंद

हिंद हॉस्पिटल, असैनी मोड़, हैदरगढ़ ओवरब्रिज, पल्हरी ओवरब्रिज और चौपुला से बाराबंकी शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
देवा रोड से शहर होकर गुजरने वाले भारी वाहन देवा मामा नहर पुल, माती चौकी और मटियारी के रास्ते लखनऊ जाएंगे। इसी तरह एफसीआई गोदाम देवा जाने वाले ट्रकों के लिए भी अलग रूट तय किया गया है।

फतेहपुर में भी रहेगा प्रतिबंध

फूलपुर चौराहे और मोहम्मदपुर खाला की तरफ से रामनगर आने वाले भारी वाहनों को फतेहपुर कस्बे से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। रामनगर की तरफ उनका प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।

व्यापारिक वाहनों के लिए समय तय

बाराबंकी शहर में व्यापारियों का सामान लाने वाले वाहन रात 11 बजे से सुबह 4 बजे के बीच ही माल उतार सकेंगे। ऐसे वाहनों की जानकारी पहले से यातायात प्रभारी को देनी होगी। कांवड़ यात्रियों के बीच से गुजरते समय वाहन चालकों को खास सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

रोडवेज बसों के रूट भी बदले

रामनगर जाने वाली बाराबंकी डिपो की लोकल बसें चौपुला, सफदरगंज, बदोसराय और टिकैतनगर होकर चलेंगी। लखनऊ से आने वाली बसें सामान्य स्थिति में असैनी मोड़ से बाराबंकी बस स्टेशन पहुंचेंगी। भीड़ बढ़ने पर उन्हें हैदरगढ़ बाईपास और सतरिख नाका होकर भेजा जाएगा।
barabanki-traffic-diversion-plan-sawan-2026-routes (2)

अयोध्या डिपो की बसें चौपुला होकर चलेंगी। वहीं गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर और रूपईडीहा डिपो की बसों को लखनऊ और बहराइच के बीच सीतापुर और चाहलारी घाट वाले रूट से संचालित किया जाएगा।

आकस्मिक सेवाओं को मिलेगी छूट

डायवर्जन के दौरान एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और दूसरे इमरजेंसी वाहनों को नहीं रोका जाएगा। यह ट्रैफिक व्यवस्था सावन महीने के हर रविवार सुबह 7 बजे से सोमवार रात 8 बजे तक लागू रहेगी। डीएम-एसपी ने देर रात विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन से पूर्व व्यवस्था का जायजा लिया व अफसरों को जरूरी निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें  UP में गन्ना किसानों के बहुरे दिन : सहूलियत के साथ समय पर भुगतान... ऐसे बदली तस्वीर

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button