Lucknow City

तिरंगा फहराया तो अंग्रेजों ने बरसाईं गोलियां… 32 की उम्र में शहीद हुए गुलाब सिंह लोधी, CM योगी ने किया नमन

91वें बलिदान दिवस पर अमीनाबाद के झंडेवाला पार्क पहुंचे मुख्यमंत्री, बोले- आजादी के इस अमर सपूत ने आने वाली पीढ़ियों के लिए छोड़ा स्वर्णिम इतिहास, महापुरुषों की स्मृतियों को संजोने के लिए सरकार ने मंजूर किए करीब 500 करोड़

लखनऊ, 23 अगस्त 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के अमीनाबाद स्थित ऐतिहासिक झंडेवाला पार्क में रविवार को देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी का 91वां बलिदान दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनके साहस और बलिदान को याद करते हुए कहा कि महज 32 वर्ष की उम्र में गुलाब सिंह लोधी ने ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती देकर इसी पार्क में तिरंगा फहराया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 23 अगस्त 1935 का वह दिन भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में साहस और बलिदान की मिसाल बन गया। उस दौर में तिरंगा स्वाधीनता की पहचान था। गुलाब सिंह लोधी के इस साहस से बौखलाई ब्रिटिश सरकार ने गोलियां चलाकर उनकी हत्या कर दी। देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले इस वीर सपूत ने शहादत के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए आजादी का एक स्वर्णिम अध्याय छोड़ा। उनके बलिदान के महज 12 साल बाद भारत अंग्रेजी हुकूमत की गुलामी से आजाद हुआ।

किसान परिवार में जन्म, देश की आजादी को बनाया लक्ष्य

ये भी पढ़ें:

सीएम योगी ने बताया कि गुलाब सिंह लोधी का जन्म 1903 में उन्नाव के एक साधारण किसान परिवार में हुआ था। बचपन से ही उनके मन में देश को अंग्रेजी शासन से मुक्त कराने का जज्बा था। इसी भावना के साथ वह स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय हुए और लखनऊ पहुंचकर देश की आजादी के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर शहीद की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए प्रदेश सरकार ने उन्नाव में पार्क, स्वास्थ्य केंद्र और पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय का नाम उनके नाम पर किया है। सरकार सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर बलिदानियों की स्मृतियों को संरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

अवंतीबाई से ऊदा देवी तक, वीरांगनाओं के नाम पर संस्थान

योगी ने कहा कि सरकार ने बलिदानियों के सम्मान में कई संस्थानों का नामकरण किया है। अलीगढ़ में स्टेडियम का नाम वीरांगना अवंतीबाई लोधी और बदायूं में पीएसी की नई बटालियन का नाम उनके नाम पर रखा गया है। लखनऊ में पीएसी महिला बटालियन वीरांगना ऊदा देवी पासी के नाम और गोरखपुर की नवस्थापित पीएसी महिला बटालियन का नाम वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर किया गया है। औरैया में नए मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखा गया है।
gulab-singh-lodhi-balidan-diwas-jhandewala-park-lucknow-cm-yogi-tribute (2)

महापुरुषों की स्मृतियों के संरक्षण पर 500 करोड़

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुलाब सिंह लोधी जैसे क्रांतिकारियों की स्मृतियों को जीवंत रखना वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है। सरकार स्मारक निर्माण के कार्यक्रम को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय और देश के लिए जीवन समर्पित करने वाले महापुरुषों के सम्मान में हाल ही में करीब 500 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, सद्गुरु रविदास जी महाराज, महर्षि वाल्मीकि जी महाराज सहित अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर छाजन, पार्कों के नवनिर्माण और सुरक्षा संबंधी कार्य कराए जाएंगे।

ये भी पढ़ें  गंगा नहाने गई थी टोली...गहरे पानी मे समाए दो दोस्त, तीन की जान बची, देर रात मिले शव

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button