Lucknow CityUttar Pradesh

UP Bureaucracy में बड़ा फेरबदल, 17 IAS अफसरों के तबादले, आंजनेय कुमार सिंह की प्रदेश से विदाई तय

मंडलायुक्तों से लेकर जल निगम और ग्राम्य विकास तक बदले चेहरे, कई अफसरों के विभागों में बदलाव, प्रशासनिक गलियारों में फेरबदल के मायने तलाशे जा रहे

लखनऊ, 24 अगस्त 2026:

यूपी की ब्यूरोक्रेसी में बड़ा फेरबदल किया गया है। योगी सरकार ने 17 सीनियर IAS अफसरों की तैनाती में बदलाव कर दिया। इस फेरबदल में दो महत्वपूर्ण मंडलों मुरादाबाद और अलीगढ़ को नए मंडलायुक्त मिले हैं। इसके साथ ही ग्राम्य विकास, आयुष, नगर विकास, जल निगम, सहकारिता, नियोजन और उच्च शिक्षा जैसे अहम विभागों में भी जिम्मेदारियां बदली गई हैं। प्रशासनिक लिहाज से यह फेरबदल कई स्तरों पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सबसे ज्यादा चर्चा मुरादाबाद मंडलायुक्त रहे सिक्किम कैडर के आईएएस अधिकारी आंजनेय कुमार सिंह को लेकर है। उनकी प्रतिनियुक्ति अवधि 14 अगस्त को समाप्त हो चुकी थी। लंबे समय से उनके कार्यकाल के विस्तार को लेकर कयास लगाए जा रहे थे लेकिन अब इन चर्चाओं पर विराम लग गया है। विस्तार नहीं मिलने के बाद उनका मूल कैडर सिक्किम लौटना तय माना जा रहा है।

ओम प्रकाश आर्य
ओम प्रकाश आर्य

आंजनेय कुमार सिंह को 15 फरवरी 2015 को यूपी में प्रतिनियुक्ति पर तैनाती मिली थी। इस दौरान उन्हें सात बार सेवा विस्तार दिया गया। अब मुरादाबाद की नई मंडलायुक्त संगीता सिंह होंगी, जो अभी अलीगढ़ मंडलायुक्त के पद पर तैनात थीं। वहीं ओम प्रकाश आर्य को सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद प्रयागराज से हटाकर अलीगढ़ का मंडलायुक्त बनाया गया है। इस तरह दोनों मंडलों में प्रशासनिक नेतृत्व का नया चेहरा सामने आया है।

ये भी पढ़ें:

फेरबदल में गौरी शंकर प्रियदर्शी को आयुक्त ग्राम विकास एवं सचिव ग्राम्य विकास विभाग से हटाकर महानिदेशक आयुष एवं मिशन निदेशक राष्ट्रीय आयुष मिशन की जिम्मेदारी दी गई है। उनके स्थान पर प्रमोद कुमार उपाध्याय को आयुक्त ग्राम्य विकास बनाया गया है। वहीं चैत्रा वी को महानिदेशक आयुष के पद से हटाकर सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद लखनऊ भेजा गया है।

नगर विकास और जल निगम में भी अहम बदलाव हुआ है। रवींद्र कुमार सचिव नगर विकास के पद पर बने रहेंगे लेकिन उन्हें जल निगम (नगरीय) के प्रबंध निदेशक और अमृत मिशन के राज्य मिशन निदेशक के दायित्व से मुक्त कर दिया गया है। यह जिम्मेदारी अब मासूम अली सरवर को अतिरिक्त प्रभार के रूप में दी गई है।

संगीता सिंह
संगीता सिंह

इसी क्रम में डॉ. राज शेखर को सचिव नियोजन विभाग एवं महानिदेशक अर्थ एवं संख्या बनाया गया है, जबकि योगेश कुमार को प्रबंध निदेशक जल निगम (ग्रामीण) की जिम्मेदारी मिली है। कुमार प्रशांत को आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता और गुर्राला श्रीनिवासुलु को सचिव राज्य सूचना आयोग बनाया गया है।

राजशेखर
राजशेखर

प्रतीक्षारत श्रीमती अमृत पाल कौर को यूपी सहकारी चीनी मिल्स संघ का संयुक्त प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही अपर आबकारी आयुक्त नवनीत सेहारा को सहकारी चीनी मिल्स संघ के संयुक्त प्रबंध निदेशक के पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है।

अन्य बदलावों में देवेंद्र कुमार पांडेय को विशेष सचिव उपभोक्ता मामले, विवेक श्रीवास्तव को विशेष सचिव पशुधन विभाग, अमृत त्रिपाठी को सदस्य (न्यायिक) राजस्व परिषद प्रयागराज और ओम प्रकाश राय को विशेष सचिव उच्च शिक्षा बनाया गया है।
up-bureaucracy-17-ias-transfer-anjaneya-kumar-singh-sangeeta-singh

प्रशासनिक हलकों में आंजनेय कुमार सिंह के कार्यकाल को लेकर भी चर्चा रही है। उनके मुरादाबाद मंडलायुक्त रहते रामपुर स्थित जौहर विश्वविद्यालय की 38 इमारतों को गिराने के रामपुर विकास प्राधिकरण के आदेश पर अंतरिम रोक लगाए जाने का मामला भी सुर्खियों में रहा था। इसी पृष्ठभूमि में उनके कार्यकाल के विस्तार को लेकर अटकलें थीं लेकिन अब यूपी में उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त होना तय हो गया है। सरकार के इस फेरबदल में मंडलीय प्रशासन से लेकर महत्वपूर्ण विभागों तक नई टीम के जरिए प्रशासनिक प्राथमिकताओं को धार देने का संकेत भी दिखाई देता है।

ये भी पढ़ें  गोरखपुर : एनसीसी में मिले एयर विंग का प्रशिक्षण...रवि किशन ने संसद में रखी मांग

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button