
लखनऊ, 25 अगस्त 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में बिना अनुमति निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की प्रवर्तन टीमों ने शहर के कई इलाकों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 13 अवैध व्यावसायिक एवं आवासीय निर्माणों को सील कर दिया। निर्माण करा रहे लोगों में इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मचा रहा।

एलडीए की टीमों ने पीजीआई, सुशांत गोल्फ सिटी, चौक, वजीरगंज, ठाकुरगंज और दुबग्गा क्षेत्रों में अभियान चलाया। अधिकारियों के मुताबिक इन स्थानों पर एलडीए से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना निर्माण कार्य कराया जा रहा था। जांच के बाद प्रवर्तन टीमों ने संबंधित निर्माण स्थलों को सील कर दिया।
पीजीआई और सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में छह निर्माण सील
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि पीजीआई और सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इस दौरान हैदर अली, राकेश, हेमराज, राहुल सिंह, प्रकाश चन्द्र बजाज, सोमनाथ अग्रहरि, राम किशोर यादव, भूपेन्द्र सिंह चौधरी व अन्य द्वारा कराए जा रहे छह अवैध व्यावसायिक एवं आवासीय निर्माणों को सील किया गया।

चौक से दुबग्गा तक 7 अवैध निर्माणों पर कार्रवाई
वहीं, प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार के नेतृत्व में चौक, वजीरगंज, ठाकुरगंज और दुबग्गा में अभियान चलाया गया। इन क्षेत्रों में प्रदीप गोयल, कुश मिश्रा, रियाज, रितेश, पूनम कुमार, यूनुस अब्दुल्ला व अन्य द्वारा एलडीए से नक्शा स्वीकृत कराए बिना किए जा रहे सात निर्माणों को सील किया गया।

एलडीए के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण और नियमों के विपरीत विकसित की जा रही संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में खलबली मची हुई है।






