Lucknow CityUttar Pradesh

बुंदेलखंड में बढ़ेगी दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता, बांदा में नया डेयरी प्लांट और झांसी का होगा बड़ा विस्तार

स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को अपने दूध का बेहतर और बाजार आधारित मूल्य मिलेगा, दूध के खराब होने की समस्या में आएगी कमी, बांदा के प्लांट की क्षमता होगी 20 हजार लीटर प्रतिदिन, झांसी प्लांट की क्षमता 30 हजार लीटर प्रतिदिन तक बढ़ाने का प्रस्ताव

लखनऊ, 10 मार्च 2026:

सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में बुंदेलखंड क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों को बड़ी राहत देने वाला अहम फैसला लिया गया। कैबिनेट ने बुंदेलखंड पैकेज के तहत जनपद बांदा में 20 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता के नए डेयरी प्लांट की स्थापना और झांसी में पहले से संचालित 10 हजार लीटर क्षमता वाले डेयरी प्लांट का विस्तार कर उसे 30 हजार लीटर प्रतिदिन तक बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

सरकार का मानना है कि इस निर्णय से बुंदेलखंड क्षेत्र में दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी और स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को अपने दूध का बेहतर और बाजार आधारित मूल्य मिल सकेगा। साथ ही दूध के खराब होने की समस्या में भी काफी कमी आएगी।

इन दोनों परियोजनाओं के सिविल और मैकेनिकल कार्य टर्न-की आधार पर कराए जाएंगे। इसके लिए इंडियन डेयरी मशीनरी कंपनी लिमिटेड को कार्यदायी संस्था के रूप में नामित किया गया है। कैबिनेट ने नियमानुसार कंपनी को सेंटेज चार्ज देने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की है। इस पर आने वाला पूरा खर्च राज्य सरकार अपने संसाधनों से वहन करेगी।

ये भी पढ़ें:

प्रदेश पहले से ही देश का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक राज्य है। प्रदेश में दुग्ध व दुग्ध उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में बुंदेलखंड में प्रसंस्करण क्षमता बढ़ने से न केवल किसानों को फायदा होगा बल्कि डेयरी क्षेत्र में नए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से बुंदेलखंड में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी और प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।

ये भी पढ़ें  आगरा में नकली दवा कारोबार के मामले में एक और केस दर्ज...चाचा-भतीजे समेत 3 गिरफ्तार

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link