
देहरादून, 26 अगस्त 2026ः
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में पंचवटी फिल्म्स प्रोडक्शन एवं आदर्श औद्योगिक स्वायत्त सहकारिता (आदर्श संस्था) द्वारा मुख्यमंत्री के पांच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर आधारित विशेष एल्बम का विमोचन किया। सीएम ने निर्माता-निर्देशक, गीतकार, संगीतकार, गायक एवं अन्य कलाकारों के साथ ही संस्था के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा और राज्य में हो रहे सकारात्मक बदलावों को गीत-संगीत के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का यह प्रयास सराहनीय है।

रोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रयास कर रही सरकार
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, पर्यटन को प्रोत्साहित करने, महिलाओं को सशक्त बनाने और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देवभूमि की विशिष्ट पहचान के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

सीएम को शॉल ओढ़ाई, स्मृति चिह्न किया भेंट
इस अवसर पर आदर्श संस्था की अध्यक्ष आशा कोठारी ने धामी को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में हुए विकास कार्यों और जनहित में लिए गए विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णयों की सराहना की। सीएम ने एल्बम के निर्माता उत्तम सिंह भंडारी, गायक विक्रम भंडारी व शिवानी नेगी, संगीतकार विजयपाल कलूड़ा सहित एल्बम से जुड़े कलाकारों को सम्मानित किया। इस दौरान संस्था के सचिव हरीश कोठारी, युवा मोर्चा पछवादून के जिलाध्यक्ष विनायक नौटियाल, प्रदीप दुग्गल, विजय असवाल, शोभित उनियाल आदि मौजूद रहे।






