Lucknow City

स्पिरिचुअल ट्रायंगल : एक सफर में काशी, संगम और रामनगरी के दर्शन, UPSTDC का खास टूर पैकेज

चार रात-पांच दिन की आध्यात्मिक यात्रा में वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के प्रमुख मंदिरों, घाटों और धार्मिक-सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण; 13 हजार रुपये से शुरू होगा पैकेज

लखनऊ, 27 अगस्त 2026:

त्योहारी सीजन में अगर एक ही यात्रा में काशी की आध्यात्मिकता, प्रयागराज के संगम की आस्था और अयोध्या की रामभक्ति का अनुभव करना चाहते हैं तो उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने आपके लिए खास मौका तैयार किया है। प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को एक यात्रा में जोड़ते हुए यूपीएसटीडीसी ने ‘विजिट माय स्टेट’ अभियान के तहत ‘स्पिरिचुअल ट्रायंगल’ टूर पैकेज शुरू किया है। चार रात और पांच दिन का यह कस्टमाइज्ड टूर श्रद्धालुओं को वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएगा।

काशी से शुरू होगा आस्था का सफर

इस आध्यात्मिक यात्रा की शुरुआत वाराणसी से दोपहर एक बजे होगी। काशी पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं को संकट मोचन मंदिर, दुर्गाकुंड मंदिर और अस्सी घाट के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद गंगा में नौका विहार और विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती का अनुभव यात्रा को खास बनाएगा। यात्रा के दूसरे दिन काशी विश्वनाथ मंदिर में वीआईपी दर्शन, अन्नपूर्णा मंदिर और काल भैरव मंदिर के दर्शन होंगे।

ये भी पढ़ें:

spiritual-triangle-kashi-prayagraj-ayodhya-tour (2)

Advertisement

इसके बाद पर्यटकों को सारनाथ ले जाया जाएगा, जहां धमेख स्तूप, चौखंडी स्तूप, बोधि वृक्ष और अशोक स्तंभ संग्रहालय जैसे महत्वपूर्ण बौद्ध एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। यात्रा में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) का भ्रमण भी शामिल है।

संगम में स्नान फिर रामनगरी की ओर रुख

तीसरे दिन यात्रा प्रयागराज पहुंचेगी। यहां श्रद्धालु आनंद भवन, संगम और लेटे हनुमान जी मंदिर का भ्रमण करेंगे। संगम में पवित्र स्नान का अवसर भी मिलेगा। इस तरह यात्रा में काशी की गंगा आरती के साथ प्रयागराज के त्रिवेणी संगम की आस्था को भी शामिल किया गया है।

चौथे दिन श्रद्धालुओं का कारवां अयोध्या पहुंचेगा। यहां हनुमानगढ़ी, कनक भवन और दशरथ महल के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद राम मंदिर में वीआईपी दर्शन की व्यवस्था होगी। शाम को सरयू घाट पर आरती में शामिल होने का अवसर मिलेगा। पांचवें दिन नाश्ते के बाद यात्रियों को अयोध्या एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया जाएगा।

spiritual-triangle-kashi-prayagraj-ayodhya-tour (3)

13 हजार रुपये से शुरू होगा पैकेज

यूपीएसटीडीसी के मुताबिक सेडान कार से यात्रा करने वाले न्यूनतम चार यात्रियों के समूह के लिए पैकेज का शुल्क ₹14,400 प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। वहीं क्रिस्टा से यात्रा के लिए न्यूनतम छह यात्रियों का समूह जरूरी है और इसका शुल्क ₹13,000 प्रति व्यक्ति रखा गया है। पैकेज में एसी वाहन, नौका विहार, गाइड की सुविधा, चार रात का एसी आवास, डबल शेयरिंग के आधार पर ठहरने और नाश्ते की सुविधा शामिल है। हालांकि दोपहर और रात के भोजन का खर्च यात्रियों को स्वयं उठाना होगा।

एक यात्रा में तीन बड़े आध्यात्मिक केंद्र

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के मुताबिक त्योहारों को देखते हुए शुरू किया गया यह टूर उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख आध्यात्मिक केंद्रों को एक धार्मिक पथ से जोड़ता है। इससे श्रद्धालुओं के लिए तीर्थयात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक होने के साथ प्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन को भी गति मिलने की उम्मीद है।

spiritual-triangle-kashi-prayagraj-ayodhya-tour (4)

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के पहले तीन महीनों यानी जनवरी से मार्च के दौरान करीब 31.40 करोड़ घरेलू और विदेशी पर्यटक उत्तर प्रदेश पहुंचे। त्योहारों के दौरान पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी की उम्मीद है।

यूपीएसटीडीसी के अध्यक्ष अमृत अभिजात ने कहा कि ‘विजिट माय स्टेट’ अभियान का उद्देश्य चर्चित और अल्पज्ञात पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया के पर्यटकों के सामने लाने के साथ उन्हें बेहतर यात्रा अनुभव देना है। ‘स्पिरिचुअल ट्रायंगल’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है जो एक ही पैकेज में प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराता है।

बुकिंग व जानकारी के लिए संपर्क नंबर

‘स्पिरिचुअल ट्रायंगल’ टूर पैकेज की बुकिंग और अन्य जानकारी के लिए यूपीएसटीडीसी के मोबाइल नंबर 9149099890 और 7985816467 पर संपर्क किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें  KGMU में ‘आरपार’ की तैयारी : FIR दर्ज न होने से भड़के डॉक्टर, आज आंदोलन का ऐलान संभव

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link