
प्रमोद कुमार
मलिहाबाद (लखनऊ), 27 अगस्त 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र में बच्चों को बेहतर पढ़ाई के लिए शहर का रुख नहीं करना पड़ेगा। कटौली गांव में प्री-नर्सरी से इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई के लिए कम्पोजिट स्कूल बनाया जाएगा। गुरुवार को विधायक जय देवी कौशल ने स्कूल भवन के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया।
27 करोड़ 22 लाख की परियोजना
कटौली में बनने वाले इस आधुनिक विद्यालय के लिए 27 करोड़ 22 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। परियोजना को आगे बढ़ाने में मलिहाबाद विधायक जय देवी कौशल के प्रयास अहम रहे। मंजूरी मिलने के बाद अब भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
आसपास के गांवों को भी फायदा
कम्पोजिट स्कूल बनने के बाद कटौली के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों के बच्चों को भी फायदा मिलेगा। अभी बेहतर स्कूलों के लिए कई परिवारों को बच्चों को दूर के इलाकों या शहर भेजना पड़ता है। नया विद्यालय बनने से बच्चों को अपने क्षेत्र में ही स्कूली शिक्षा की सुविधा मिल सकेगी।

एक ही स्कूल में आगे की पढ़ाई
स्कूल की खास बात यह होगी कि यहां बच्चों को प्री-नर्सरी से लेकर इंटरमीडिएट तक पढ़ाई का मौका मिलेगा। इससे छोटे बच्चों से लेकर इंटर की कक्षाओं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों तक के लिए एक ही परिसर में शिक्षा की व्यवस्था होगी। आधुनिक स्कूल की तर्ज पर तैयार होने वाले इस भवन में बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
भूमि पूजन में जुटे ग्रामीण
भूमि पूजन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा युवा नेता विकास किशोर उर्फ आशू, मलिहाबाद ब्लॉक प्रमुख निर्मल वर्मा, काकोरी ब्लॉक के पूर्व मंडल अध्यक्ष रविराज लोधी, प्रधान नवीन यादव सहित क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
पढ़ाई के लिए नजदीक स्कूल बनने की दिखी खुशी
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने स्कूल की मंजूरी को क्षेत्र के लिए अहम बताया। लोगों का कहना था कि बच्चों की पढ़ाई के लिए नजदीक ही बेहतर विकल्प मिलने से परिवारों को काफी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने इस परियोजना के लिए विधायक जय देवी कौशल को बधाई दी।






