
कानपुर, 27 अगस्त 2026:
यूपी के कानपुर नगर के कटरी क्षेत्र अन्तर्गत नत्थूपुरवा इलाके में गुरुवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब गर्ग एविएशन सेंटर का एक ट्रेनिंग विमान उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद खेतों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि विमान में सवार इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

पुलिस कमिश्नर कानपुर नगर रघुबीर लाल के मुताबिक ग्वालटोली थाना क्षेत्र स्थित गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से चार सीटर डुअल इंजन विमान ने दोपहर में उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ ही देर बाद विमान नत्थूपुरवा गांव के बाहरी इलाके में खेतों के बीच जा गिरा। दुर्घटना में इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया, निवासी गुजरात और ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी, निवासी कर्नाटक की मौत हो गई।
विमान के खेतों में गिरते ही तेज धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। कुछ ही देर में वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके को सुरक्षित कर राहत-बचाव की कार्रवाई पूरी की।
दो महीने में दूसरी दुर्घटना से उठे सवाल
गर्ग एविएशन सेंटर के विमान से जुड़ा यह हादसा इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि करीब दो महीने के भीतर यह दूसरी दुर्घटना है। इससे विमानन प्रशिक्षण और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। इससे पहले 26 जून को भी गर्ग एविएशन लिमिटेड में पायलट प्रशिक्षण ले रही दिल्ली की एक युवती लैंडिंग के बाद विमान से उतरते समय प्रोपेलर की चपेट में आ गई थी। उस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हुई थी।

पुलिस ने डीजीसीए को दी हादसे की सूचना
हादसे के बाद गर्ग एविएशन सेंटर ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की अंदरूनी समीक्षा की जा रही है। वहीं पुलिस प्रशासन ने घटना की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को दे दी है। अब डीजीसीए की विशेषज्ञ टीम विमान दुर्घटना के तकनीकी पहलुओं और संभावित कारणों की विस्तृत जांच करेगी। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विमान दुर्घटना का वास्तविक कारण क्या था।
