
कानपुर, 6 सितंबर 2026:
यूपी में कानपुर जिले के साढ़ थाना क्षेत्र के हिरनी गांव में रविवार को बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त मकान में मुकेश (45) अपनी चार बेटियों के साथ मौजूद थे। मकान गिरने से पांचों लोग मलबे में दब गए। हादसे में मुकेश सहित तीन बेटियों की मौत हो गई, जबकि बड़ी बेटी काजल गंभीर रूप से घायल है।
आवाज सुनकर गांव वालों ने शुरू किया रेस्क्यू
मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले। ग्रामीणों ने मलबा हटाना शुरू किया। पुलिस-प्रशासन को सूचना दी गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मलबे में दबे पांचों लोगों को बाहर निकाला गया। सभी को पतारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि हिरनी गांव में पिछले कई दिनों से बारिश हो रही थी। बारिश के चलते कच्चे मकान की दीवारें व छत कमजोर हो गई थीं। रविवार सुबह बारिश के दौरान अचानक मकान का बड़ा हिस्सा ढह गया।

पिता के साथ तीन बेटियों ने दम तोड़ा, दो महीने बाद होनी थी घायल काजल की शादी
CHC में डॉक्टरों ने मुकेश के साथ उनकी बेटियों माया (16), नीतू (12) व पल्लवी (7) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में काजल (19) को कानपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद परिवार में काजल ही अकेली बची है। ग्रामीणों के मुताबिक काजल की शादी दिसंबर में होने वाली थी। परिवार के मुताबिक काजल की मां की काफी पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। पिता मुकेश मजदूरी करके चारों बेटियों का पालन-पोषण कर रहे थे। पिता के रूप में मुकेश बेटियों की परवरिश में कोई कमी नहीं रखता था।
दिनांक-06.09.2026 को थाना साढ़ क्षेत्र के ग्राम हिरनी में एक कच्चा मकान गिर गया है। मकान के मलबे में एक ही परिवार के पांच सदस्य दब गए थे, जिनमें से चार की मृत्यु होने की सूचना है, जबकि एक घायल महिला का उपचार चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड एवं प्रशासनिक अधिकारी… pic.twitter.com/66wW3nileD
— POLICE COMMISSIONERATE KANPUR NAGAR (@kanpurnagarpol) September 6, 2026
दो घंटे तक मलबा हटाते रहे ग्रामीण
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मकान गिरने के बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को फोन किया, लेकिन शुरुआत में कॉल रिसीव नहीं हुई। बाद में संपर्क होने पर भी पुलिस के पहुंचने में वक्त लगा। इसके बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर से मलबा हटाकर रेस्क्यू शुरू किया। दो घण्टे बाद घायलों को बाहर निकाला जा सका। सभी को सीएचसी पतारा ले जाया गया। जहां पिता व तीन बेटियों को मृत घोषित कर दिया गया।


