Hardoi City

साली से इश्क, पत्नी से छुटकारे का बनाया प्लान, अस्पताल से ले गया जंगल, फिर कर दी हत्या

धारदार हथियार से 14 वार के बाद गला दबाकर की हत्या, पति की मारपीट में घायल महिला अस्पताल में भर्ती थी, बेहतर इलाज का भरोसा देकर रात में साथ ले गया पति, भाई की शादीशुदा साली से प्रेम प्रसंग को लेकर आपस मे चल रहा था विवाद, पुलिस ने पति व उसके भाई को हिरासत में लिया

हरदोई, 17 अगस्त 2026:

यूपी में हरदोई जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में 36 वर्षीय महिला कोमल की हत्या कर दी गई। पति सत्यपाल ने पहले उसे लालपालपुर चौराहे पर बुरी तरह पीटा। राहगीरों की मदद से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में पति बेहतर इलाज कराने की बात कहकर उसे अस्पताल से बाहर ले गया। इसके बाद मंगोलापुर के जंगल में उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतका के पति व देवर को हिरासत में ले लिया है।

17 साल पहले हुई थी शादी, 4 बच्चे होने पर भी पति प्रेम प्रसंग में डूबा

पुलिस के मुताबिक कोमल का विवाह करीब 17 साल पहले कनेहटा गांव निवासी सत्यपाल से हुआ था। दोनों के चार बच्चे हैं। सत्यपाल मिठाई बेचने का काम करता है। आरोप है कि पिछले कुछ समय से उसका संबंध अपने बड़े भाई की साली शशी से था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।

ये भी पढ़ें:

घर छोड़कर मजदूरी करने लगी पत्नी, वारदात से पहले बेटे ने फोन कर बुलाया था

परिजनों के मुताबिक विवाद बढ़ने के बाद कोमल अपने सबसे छोटे बच्चे को लेकर संडीला चली गई थी। वहां वह किराए के कमरे में रहकर प्लाईवुड फैक्टरी में काम करती थी। अपने बाकी बच्चों से मिलने के लिए वह समय-समय पर कनेहटा आती थी। घटना से पहले कोमल के बड़े बेटे ने उसे फोन कर कपड़े खरीदने के लिए बुलाया था। इसके बाद वह लालपालपुर चौराहे पहुंची। आरोप है कि वहां सत्यपाल भी पहुंच गया। दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद सत्यपाल ने सड़क पर ही कोमल की पिटाई शुरू कर दी। लोगों ने बीच-बचाव कर घायल महिला को वहां से हटाया। इसके बाद उसे एंबुलेंस से सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

बेहतर इलाज के बहाने सरकारी अस्पताल से ले गया

पुलिस के अनुसार अस्पताल में कोमल का इलाज चल रहा था। शुक्रवार देर रात सत्यपाल अपने भाई सत्यप्रकाश के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने कोमल से कहा कि सरकारी अस्पताल में बेहतर इलाज नहीं हो रहा है, उसे दूसरे अस्पताल में ले जाएगा। कोमल उसके साथ चली गई। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों भाई उसे दूसरे अस्पताल ले जाने के बजाय मंगोलापुर के जंगल की तरफ ले गए।

जंगल में हमला कर मौत के घाट उतारा

जंगल में कोमल पर किसी धारदार या भारी वस्तु से हमला किया गया। उसके शरीर पर कई चोटें आईं। इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या करने का आरोप है। हत्या के बाद शव को झाड़ियों में छोड़कर दोनों वहां से चले गए। अगली सुबह मंगोलापुर के जंगल से गुजर रहे गांव के चौकीदार की नजर झाड़ियों में पड़े महिला के शव पर पड़ी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

केस दर्ज, पति व देवर हिरासत में

जांच के दौरान मृतका की पहचान कोमल के रूप में हुई। पुलिस ने अस्पताल के रिकॉर्ड खंगाले तो उसके वहां भर्ती होने की जानकारी भी सामने आई। इसके बाद शक पति तक पहुंचा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सत्यपाल व उसके भाई सत्यप्रकाश को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में हत्या से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक दूसरी महिला से संबंध को लेकर दंपती के बीच विवाद था। मृतका की बहन की तहरीर पर देहात कोतवाली में सत्यपाल व सत्यप्रकाश के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

ये भी पढ़ें  UP: बेटियों ने दिया पिता की अर्थी को कंधा, अंतिम इच्छा पूरी करने ऐसे दी विदाई

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button