Hardoi City

सामने कूदा बंदर, बाइक पुलिया से टकराई और नहर के बहाव में गुम हो गया शिक्षक, तलाश जारी

सुबह स्कूल जाते समय नहर की पुलिया पर हुआ हादसा, बाइक से टकराते ही बंदर की मौत, शिक्षक का बैग मिला, हेलमेट भी पानी में बहा, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

हरदोई, 14 सितंबर 2026:

यूपी के हरदोई में सोमवार सुबह स्कूल जा रहे सहायक अध्यापक अवनीश उर्फ आदेश की बाइक के सामने अचानक बंदर आ गया। बाइक बंदर से टकराई तो शिक्षक नियंत्रण खो बैठे। बाइक पुलिया की दीवार से जा टकराई, जबकि अवनीश उछलकर नहर में जा गिरे। नहर में तेज बहाव होने से वह पानी में बह गए। मल्लावां क्षेत्र में हुए इस हादसे के बाद पुलिस, स्थानीय गोताखोरों समेत ग्रामीण उनकी तलाश में जुटे हैं।

पेड़ से अचानक सामने आ गया बंदर

कोतवाली क्षेत्र के तेंदुआ गांव में रहने वाले शिवपाल का बेटा अवनीश उर्फ आदेश प्राथमिक विद्यालय पैरा, विकासखंड कछौना में सहायक अध्यापक के रूप में तैनात था। 30 साल के आदेश की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। उनकी तीन माह की बेटी है। सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे वह रोज की तरह बाइक से स्कूल के लिए निकले थे।

दीवार से टकराई बाइक, नहर में जा गिरे

मल्लावां-संडीला मार्ग पर गोसवा नहर की पुलिया के पास पहुंचते ही पेड़ से एक बंदर अचानक उनकी बाइक के सामने कूद गया। शिक्षक संभल पाते, इससे पहले बाइक बंदर से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया की दीवार से जा भिड़ी। झटका लगने से अवनीश बाइक से उछलकर सीधे नहर में जा गिरे। बाइक से टकराने के बाद बंदर की मौके पर ही मौत हो गई। शिक्षक को नहर में गिरता देख आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े। कुछ लोगों ने उन्हें बचाने के लिए नहर में छलांग भी लगाई, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के चलते अवनीश उनकी पहुंच से दूर होते चले गए।
hardoi-canal-accident-teacher-avneesh-bike-monkey-collision (2)

ये भी पढ़ें:

बैग मिला, हेलमेट भी बहता दिखा

ग्रामीणों ने नहर में काफी दूर तक शिक्षक की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। खोजबीन के दौरान अवनीश का बैग नहर में मिल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उनका हेलमेट भी पानी में बहते देखा, जो कुछ दूर जाने के बाद डूब गया। पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में शिक्षक की तलाश कर रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजन नहर के किनारे शिक्षक की तलाश के अंजाम का इंतजार करते रहे।

ये भी पढ़ें  Dowry Case Hardoi : बारात का इंतजार करती रही दुल्हन, 10 लाख लेकर दूल्हा लापता

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link