Uttarakhand

अंकिता को न्याय की राखी लेकर महिला कांग्रेस का CM आवास कूच, धरने पर बजी ढोल, बेटियों का दर्द गाया

अंकिता भंडारी हत्याकांड में महिला कांग्रेस ने CBI जांच पर सरकार से मांगा जवाब, पूरी तरह न्याय की मांग, जांच की मौजूदा स्थिति सार्वजनिक करने की मांग उठी, हाथीबड़कला में पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका, कुछ महिलाएं बैरिकेडिंग पर चढ़ीं, पुलिस से हुई नोकझोंक, महिला कांग्रेस ने VIP की पहचान व भूमिका की जांच समेत महिला अपराधों की Fast Track सुनवाई की मांग की

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 27 अगस्त 2026:

उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने रक्षाबंधन पर्व से एक दिन पहले अंकिता भंडारी समेत प्रदेश की बेटियों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच किया। हाथीबड़कला में पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर महिलाओं को रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सड़क पर धरना दिया।

हाथों में थामी अंकिता को न्याय दो लिखी राखियां

ये भी पढ़ें:

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिलाएं हाथों में न्याय की राखियां लेकर मुख्यमंत्री आवास के लिए निकली थीं। उनके साथ रोली, मौली, धूप-दीप व मिठाई भी थी। कार्यकर्ताओं का कहना था कि ये राखियां सिर्फ रक्षाबंधन की रस्म नहीं, बल्कि बेटियों की सुरक्षा व न्याय की मांग का प्रतीक हैं।

ankita-bhandari-justice-rakhi-mahila-congress-cm-house-protest1

अंकिता समेत दूसरी बेटियों का दर्द गीत में उठाया

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने गीत के जरिए सरकार का ध्यान अंकिता भंडारी, नन्ही परी समेत उन बेटियों व महिलाओं के मामलों की ओर खींचा, जो दुष्कर्म, हत्या या दूसरे गंभीर अपराधों का शिकार हुई हैं। महिला कांग्रेस ने कहा कि ऐसे मामलों में पीड़ित परिवारों को जल्द न्याय मिलना चाहिए।

बैरिकेडिंग पर चढ़ीं महिलाएं, पुलिस से नोकझोंक

मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रही महिलाओं को पुलिस ने हाथीबड़कला में रोक दिया। कुछ महिलाएं बैरिकेडिंग पर चढ़ गईं, जिसके बाद पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक हुई। आगे जाने की कोशिश के बावजूद महिलाओं को पुलिस ने रोक दिया।

CBI जांच की स्थिति बताने की मांग

प्रदर्शन के बाद प्रशासन के एक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें अंकिता भंडारी हत्याकांड में पूरी तरह न्याय दिलाने के साथ CBI जांच की मौजूदा स्थिति व अब तक हुई प्रोग्रेस सार्वजनिक करने की मांग की गई। इसके साथ ही मामले में कथित VIP की पहचान व उसकी भूमिका से जुड़े सवालों की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई गई।

गंभीर मामलों की Fast Track सुनवाई की मांग

महिला कांग्रेस ने उत्तराखंड में महिलाओं व बेटियों से जुड़े दुष्कर्म, हत्या समेत गंभीर अपराधों के मामलों में पीड़ित परिवारों को जल्द न्याय दिलाने की मांग की। संगठन ने गंभीर मामलों की Fast Track Court में समयबद्ध सुनवाई कराने व महिला-बाल अपराधों की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की बात कही।

ankita-bhandari-justice-rakhi-mahila-congress-cm-house-protest2

राखी को बनाया सरकार से जवाब मांगने का जरिया

ज्योति रौतेला ने कहा कि रक्षाबंधन बहनों की सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। इसी भावना के साथ महिलाएं मुख्यमंत्री आवास जा रही थीं, लेकिन उन्हें बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के हाथों में मौजूद राखियां सिर्फ भावनात्मक अपील नहीं, बल्कि प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा व न्याय से जुड़ा सवाल हैं।

प्रदर्शन में आशा मनोरमा शर्मा, पुष्पा पंवार, चंद्रकला, दीपा चौहान, रेखा ढींगरा, अनीता सकलानी, नंदिता गढ़िया, सीमा, विजया, अनुराधा, बबीता, पार्वती, सरस्वती नेगी, पिंकी पवार, विमला थपलियाल, शशि रावत, इंदु डोभाल, मसूरी खांकरियाल, शारदा चमोली व सरोजनी राणा समेत बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

ये भी पढ़ें  8.63 करोड़ से बदली जौहड़ की तस्वीर, मियांवाला में तैयार हुआ जल-सृष्टि पार्क

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button