
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 21 सितंबर 2026ः
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअली गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (Pantnagar University) में आयोजित लक्ष्मणराव इनामदार द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ सत्र को संबोधित किया। सीएम ने कहा कि मजबूत नेतृत्व से एम-पैक्स (मल्टीपरपज प्राइमरी एग्रीकल्चरल क्रेडिट सोसाइटी) मजबूत होंगे, मजबूत एम-पैक्स से गांव मजबूत होंगे और मजबूत गांवों से उत्तराखंड समृद्ध बनेगा। उन्होंने कहा कि सहकारिता पर्वतीय क्षेत्रों की आर्थिक चुनौतियों से निपटने, पलायन रोकने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का प्रभावी माध्यम है।

धामी ने सहकार भारती के संस्थापक लक्ष्मणराव इनामदार की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को ‘सहकार से समृद्धि’ की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। पैक्स को बदलती जरूरतों के अनुरूप एम-पैक्स के रूप में अधिक सक्षम बनाया जा रहा है। इनके माध्यम से किसानों को बेहतर सुविधाएं देने, युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों को आर्थिक रूप से मजबूत करने पर जोर है। उन्होंने कहा कि किसान, युवा और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। सहकारिता को केवल समितियों तक सीमित रखने के बजाय इसे जनभागीदारी और आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बनाया जा रहा है, ताकि इसका लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
सीएम ने प्रतिभागियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सहकारिता की भावना को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांवों को सशक्त बनाने, युवाओं को अवसर देने और किसानों की आर्थिक शक्ति बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति शिवेन्द्र कुमार कश्यप, सहकार भारती के राष्ट्रीय महासचिव दीपक चौरसिया, प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार गौड़, संगठन मंत्री मणिराम नौटियाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार जोशी सहित अन्य पदाधिकारी व अधिकारी वर्चुअली जुड़े।






